दिल्ली-NCR में भीषण गर्मी से राहत, IMD ने जारी किया बारिश का अलर्ट

उत्तर भारत में समय से पहले आई गर्मी से अब राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग ने रविवार से बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है.

Advertisement
दिल्ली-NCR में बारिश का अलर्ट (Photo: ITG) दिल्ली-NCR में बारिश का अलर्ट (Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 13 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 11:56 PM IST

दिल्ली-NCR समेत पूरे उत्तर भारत में समय से पहले शुरू हुई भीषण गर्मी से अब राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है. पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और ठंडी हवाओं की वजह से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में बारिश होने के आसार हैं. इससे तापमान में कई डिग्री की गिरावट आएगी और लोगों को मार्च की इस तपती गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी.

Advertisement

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, रविवार से मौसम में बड़ा बदलाव दिखेगा. पंजाब से लेकर यूपी तक कई इलाकों में बिजली कड़कने, तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है. पहाड़ों पर बर्फबारी होने की भी उम्मीद है, जिसका सीधा असर मैदानी इलाकों के तापमान पर पड़ेगा. अनुमान है कि अगले हफ्ते की शुरुआत में दिन का पारा 3 से 4 डिग्री तक गिर सकता है, जिससे मौसम एक बार फिर सुहाना हो जाएगा.

पिछले कुछ दिनों से उत्तर भारत के कई शहरों में पारा 35 डिग्री सेल्सियस के पार चल रहा है, जो मार्च के हिसाब से काफी ज्यादा है. लेकिन बारिश के इस दौर के बाद तापमान गिरकर 24 से 28 डिग्री के बीच आ सकता है. यह राहत अगले हफ्ते के अंत तक बनी रह सकती है, क्योंकि 18 से 22 मार्च के बीच बारिश का एक और दौर आने की संभावना है.

Advertisement

किसानों के लिए बढ़ सकती है चिंता

भले ही बारिश से आम लोगों को गर्मी से सुकून मिले, लेकिन किसानों के लिए यह खबर थोड़ी डराने वाली है. इस समय पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में गेहूं की फसल कटाई के करीब है. ऐसे में अगर तेज हवाओं के साथ ओले गिरते हैं, तो खड़ी फसल को भारी नुकसान पहुंच सकता है. कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि ओलावृष्टि से पैदावार कम हो सकती है, इसलिए किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

सावधान रहने की है जरूरत

मौसम विभाग ने लोगों और प्रशासन को आने वाले दिनों में सतर्क रहने को कहा है. तेज हवाओं और बिजली कड़कने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी की वजह से यह बदलाव हो रहा है, जो अगले कुछ दिनों तक उत्तर, पूर्वी और मध्य भारत में अस्थिर स्थिति बनाए रखेगा.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement