पिछले दो हफ्तों से दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का असर बढ़ने लगा है. फरवरी के अंतिम दिनों में ही तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया जा रहा है, जिससे समय से पहले गर्मी का अहसास हो रहा है. मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर के अनुसार, पूरे फरवरी महीने में अब तक केवल 2 दिन ऐसे रहे हैं, जब अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा.
फरवरी के ज्यादातर दिनों में तापमान सामान्य से ऊपर बना रहा. दिल्ली-NCR में 2 फरवरी 2026 को अधिकतम तापमान 17.5°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.8°C कम था. इसके बाद 18 फरवरी को तापमान 21.1°C रहा, जो सामान्य से 2.1°C कम था.
इन दो दिनों को छोड़कर फरवरी के बाकी सभी दिनों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक ही दर्ज किया गया है.
वहीं, महीने के पहले हफ्ते में तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर रहा, लेकिन 10 फरवरी के बाद से गर्मी में बढ़ोतरी देखी गई.
यह भी पढ़ें: आग उगल रहा मौसम! मार्च से पहले ही भीषण गर्मी शुरू... 37 डिग्री से ऊपर पारा, दिल्ली-गुजरात में तापमान बढ़ा
10 से 24 फरवरी के बीच औसत अधिकतम तापमान 28.4°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 3°C ज्यादा है. सामान्य तौर पर फरवरी के दूसरे पखवाड़े में दिल्ली का अधिकतम तापमान 25°C से 26°C के बीच रहता है, लेकिन इस बार तापमान लगातार इस स्तर से ऊपर बना हुआ है.
वहीं, उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में फिलहाल कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ या अन्य मौसम प्रणाली बनने की संभावना नहीं है. अनुमान है कि फरवरी 2026 का औसत अधिकतम तापमान करीब 29°C तक पहुंच सकता है.
मार्च के शुरुआत में 33 डिग्री पारा
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 25 फरवरी 2026 को दिल्ली में अधिकतम तापमान 30.2°C दर्ज किया गया. वहीं मार्च की शुरुआत में ही पारा 33 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है. 27 फरवरी से 3 मार्च के बीच सफदरजंग में तापमान 31 से 33°C तक रह सकता है. आने वाले दिनों में गर्मी का असर और तेज महसूस हो सकता है.
बता दें, आज दिल्ली में आसमान ज्यादातर साफ रहेगा, अधिकतम तापमान 30°C से 32°C के बीच रहने की संभावना है, जो सामान्य से काफी अधिक है. जबकि, न्यूनतम तापमान 13°C से 15°C के बीच रह सकता है.
aajtak.in