असम के बिजनी विधानसभा क्षेत्र में एक नया और हैरान कर देने वाला विवाद सामने आया है, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने ही पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ कर दी. इस दौरान प्रसिद्ध असमिया गायक ज़ुबीन गर्ग की तस्वीर पर भी हमला किया गया, जिससे चारों ओर कड़ी आलोचना हो रही है.
दरअसल, यह घटना बिजनी स्थित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कार्यालय में हुई, जहां पार्टी द्वारा इस सीट से उम्मीदवार नहीं उतारने के फैसले के खिलाफ कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. स्थानीय कार्यकर्ताओं में इस फैसले को लेकर भारी नाराजगी देखी गई और उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर जमीनी कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप लगाया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विरोध प्रदर्शन अचानक हिंसक हो गया। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने कार्यालय परिसर में जमकर तोड़फोड़ की, फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया और पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना दिया.
यह भी पढ़ें: असम चुनाव: कांग्रेस ने जारी की चौथी लिस्ट, 7 उम्मीदवारों के नाम घोषित
गायक की तस्वीर पर हमला, बढ़ी आलोचना
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कार्यालय में लगी ज़ुबीन गर्ग की तस्वीर को भी निशाना बनाया. बताया गया कि उन्होंने कुर्सियों से तस्वीर पर बार-बार हमला किया, जो उनके गुस्से का प्रतीक था.
लोकप्रिय सांस्कृतिक हस्ती की तस्वीर पर हमले को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं. आलोचकों ने पार्टी के रवैये पर सवाल उठाए हैं और यह भी कहा है कि एक ओर पार्टी गायक के प्रभाव का इस्तेमाल करना चाहती है, वहीं दूसरी ओर अपने ही कार्यकर्ताओं के बीच सम्मान बनाए रखने में विफल रही है.
इस घटना ने पार्टी के भीतर एकजुटता और संदेश को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे राजनीतिक माहौल और गरमा गया है.
शिकायत दर्ज, नेतृत्व की प्रतिक्रिया का इंतजार
घटना के बाद संबंधित कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है. हालांकि अभी तक कांग्रेस नेतृत्व की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
इस घटना ने चुनाव से पहले पार्टी के भीतर उभर रहे आंतरिक विवादों को और उजागर कर दिया है. हाल के दिनों में सामने आए ऐसे मामलों के बीच यह घटना पार्टी के लिए नई चुनौती बनकर सामने आई है.
फिलहाल पूरे मामले पर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा जारी है और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है.
aajtak.in