दिल्ली एनसीआर में पेट्रोल डीजल की कीमतों के बाद अब सीएनजी के दाम बढ़ाए गए. वहीं, भारत में आज अमेरिका जापान समेत सभी क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की अहम बैठक होगी. इन खबरों के अलावा, उत्तर प्रदेश में नई पंचायतों के गठन तक पुराने प्रधान ही गांवों के प्रशासक बनकर काम संभालेंगे. पढ़ें मंगलवार सुबह की बड़ी खबरें.
दिल्ली-NCR में महंगाई का डबल अटैक, पेट्रोल-डीजल के बाद महंगी हुई CNG, 2 रुपये प्रति किलो रेट बढ़े
दिल्ली में अब सीएनजी की कीमतों में भी इजाफा कर दिया गया है. आज सुबह 6 बजे से सीएनजी की कीमत में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है. नई कीमत के अनुसार दिल्ली में सीएनजी अब 83.09 रुपये प्रति किलो हो गई है. इस अचानक हुई बढ़ोतरी की मुख्य वजह वैश्विक तेल और गैस संकट के चलते घरेलू स्तर पर बढ़ रही लागत को माना जा रहा है.
भारत में आज QUAD देशों की अहम बैठक, विदेश मंत्रियों की मीटिंग में होर्मुज समेत इन मुद्दों पर होगी बात
भारत आज क्वाड विदेश मंत्रियों के शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने जा रहा है. ये बैठक अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की हाल ही में चीन की यात्रा के तुरंत बाद हो रही है. बैठक की अध्यक्षता विदेश मंत्री एस जयशंकर करेंगे. अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो की भारत यात्रा का आज चौथा दिन है. क्वाड मीटिंग के बाद वो अमेरिका के लिए रवाना हो जाएंगे.
यूपी के सभी ग्राम प्रधान अब बनेंगे प्रशासक, पंचायत चुनाव से पहले योगी सरकार का बड़ा दांव
यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने आदेश दिया है कि नई पंचायतों के गठन तक पुराने प्रधान ही गांवों के प्रशासक बनकर काम संभालेंगे. प्रदेश की ग्राम पंचायतों का वर्तमान कार्यकाल 26 मई को समाप्त हो रहा है. ऐसे में आदेश के मुताबिक, 27 मई से सभी निवर्तमान ग्राम प्रधान प्रशासक के रूप में काम करेंगे. यह व्यवस्था अधिकतम छह महीने तक लागू रहेगी.
LPG नियमों में बड़ा बदलाव... PNG कनेक्शन लेने पर अब सरेंडर नहीं करना होगा गैस सिलेंडर!
केंद्र ने घरेलू LPG कंज्यूमर को राहत देने के लिए नियमों में बदलाव किया है. PNG लेने पर अब उनको अपना LPG कनेक्शन सरेंडर करने की मजबूरी नहीं होगी. अब उनके पास दो विकल्प होंगे. अगर किसी ने PNG कनेक्शन ले लिया है तो वह 30 दिन के भीतर LPG कनेक्शन को बंद कराने के लिए आवेदन कर सकता है या फिर उसके लिए ट्रांसफर वाउचर प्राप्त कर सकते हैं.
एक से ज्यादा शादी पर 7 साल जेल, लिव इन के लिए रजिस्ट्रेशन जरूरी, असम में UCC बिल पेश
असम की हिमंता बिस्वा सरमा सरकार ने सोमवार को यूनिफॉर्म सिविल कोड पर बिल विधानसभा में पेश कर दिया है. इस बिल का उद्देश्य बहुविवाह पर रोक लगाना और लिव-इन रिलेशनशिप का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य करना है. इसमें दो विवाह या बहुविवाह के लिए सात साल की कैद और लिव-इन रिलेशनशिप का रजिस्ट्रेशन न कराने पर तीन महीने की जेल का प्रस्ताव है.
Brown Teaser: नशे और हत्याओं के खतरनाक खेल में फंसीं करिश्मा कपूर, दमदार थ्रिलर लग रही नई वेब सीरीज
करिश्मा कपूर की नई वेब सीरीज ब्राउन का टीजर रिलीज हो गया है. करिश्मा इसमें कॉप रीता ब्राउन के किरदार में नजर आएंगीं. ब्राउन का टीजर देखकर यही लगता है कि ये वेब सीरीज दमदार थ्रिलर होने वाली है. इस सीरीज को अभिनेव देव ने डायरेक्ट किया है. Zee5 की ये वेब सीरीज टीजर से तो दमदार नजर आ रही है, मगर अभी इसकी रिलीज डेट अनाउंस नहीं की गई है.
भगत सिंह कोश्यारी, हरमनप्रीत और जगदीश कुमार... 66 हस्तियां पद्म पुरस्कारों से सम्मानित
राष्ट्रपति Droupadi Murmu ने सोमवार को कला, साहित्य, चिकित्सा, विज्ञान और खेल समेत विभिन्न क्षेत्रों की 66 हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया. दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण दिया गया. 2026 में कुल 131 हस्तियों को पद्म सम्मान मिलना है, बाकी 65 विजेताओं को अगले चरण में सम्मानित किया जाएगा.
कान्स में छाईं उर्वशी, डिजाइनर गाउन नहीं, पर्स ने लूटी लाइमलाइट, कीमत करेगी हैरान
उर्वशी रौतेला ने अपने हुस्न से ए एम एफ आर गाला कान्स इवेंट में पूरी लाइमलाइट लूट की. उन्होंने इवेन्ट में सिल्वर गाउन के साथ एस्प्रेसो मार्टिनी डिज़ाइन वाला यूनीक हैंडबैग कैरी कर सबका ध्यान खींचा. मशहूर ब्रैंड Judith Leiber के इस बैग की क़ीमत करीब 5.5 लाख रुपये बताई जा रही है, जिसे क्रिस्टल्स से असली कॉफ़ी जैसा लुक दिया गया.
यहां रहेंगे अवैध बांग्लादेशी, पश्चिम बंगाल का पहला होल्डिंग सेंटर खुला - VIDEO
पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में राज्य का पहला होल्डिंग सेंटर शुरू किया गया है. इंग्लिश बाजार के चंदन पार्क स्थित इस केंद्र में रविवार को बांग्लादेशी नागरिक बताए गए 9 लोगों को हिरासत में रखा गया. इनमें तीन महिलाएं और छह नाबालिग शामिल हैं. पूरे परिसर में CCTV निगरानी और भारी पुलिस सुरक्षा तैनात की गई है.
कांग्रेस नेता अलका लांबा की बढ़ी मुश्किलें, 22 महीने पुराने मामले में दोषी करार
कांग्रेस नेता अलका लांबा को दिल्ली की अदालत ने 2024 के जंतर मंतर प्रदर्शन मामले में दोषी करार दिया है. अदालत ने कहा कि अलका लांबा ने सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी नहीं निभाई. अलका लांबा को सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस पर हमला और सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करने सहित कई धाराओं में दोषी ठहराया गया है.
aajtak.in