भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली समेत कई राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है. आईएमडी ने बताया है कि सोमवार को दिल्ली का आसमान बादलों से घिरा रहेगा और सुबह से दोपहर के बीच गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. अमेरिका के टेक्सास से निकला जहाज Pyxis Pioneer रविवार सुबह मंगलुरु बंदरगाह पहुंच गया. 25 मार्च को अपोलो ओसियन इंडियन ऑयल और भारत पेट्रोलियम के लिए 26,687 टन गैस लेकर आएगा. एअर इंडिया अब अपनी कैबिन क्रू को फिट रखने के लिए नई सख्त पॉलिसी लाने वाली है. नागर विमानन मंत्रालय ने घरेलू हवाई किरायों पर लगाई गई अस्थायी सीमा को वापस लेने का फैसला किया है. वहीं, पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व हेड कोच गैरी कर्स्टन ने आखिरकार अपने अचानक इस्तीफे की असली वजह बता दी है. पढ़ें रविवार सबुह की टॉप खबरें...
मौसम अलर्ट! घने बादल छाएंगे... फिर होगी दिल्ली-NCR में बारिश, कई राज्यों में जारी Alert
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली समेत कई राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है. आईएमडी ने बताया है कि सोमवार को दिल्ली का आसमान बादलों से घिरा रहेगा और सुबह से दोपहर के बीच गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ जगहों पर हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है.
महाजंग के बीच दमदार कूटनीति, एक और LPG कार्गो शिप भारत पहुंचा
अमेरिका के टेक्सास से निकला जहाज Pyxis Pioneer रविवार सुबह मंगलुरु बंदरगाह पहुंच गया. वहीं, 25 मार्च को अपोलो ओसियन इंडियन ऑयल और भारत पेट्रोलियम के लिए 26,687 टन गैस लेकर आएगा. इसके अलावा 29 मार्च को अमेरिका से एक और जहाज HPCL के लिए 30,000 टन गैस लेकर आएगा. बता दें कि होर्मुज पर निर्भरता कम करते हुए भारत ने अमेरिका से LPG को लेकर संपर्क साधा है.
फ्लाइट से पहले फिटनेस टेस्ट... एअर इंडिया ने क्रू के लिए बनाया नया नियम, BMI के आधार पर होगी जांच
एअर इंडिया अब अपनी कैबिन क्रू को फिट रखने के लिए नई सख्त पॉलिसी लाने वाली है. इसमें अगर कोई क्रू मेंबर का वजन कम हो, ज्यादा हो या मोटापा हो, तो उसे ड्यूटी से हटा दिया जाएगा और सैलरी भी कट जाएगी. ये पॉलिसी हेल्थ और फिटनेस कंप्लायंस पर बेस्ड है, जो कंपनी जल्द लागू करने की प्लानिंग कर रही है.
'48 घंटे में होर्मुज नहीं खोला तो राख हो जाएंगे पावर प्लांट', ट्रंप की ईरान को 'विनाशकारी' डेडलाइन
अमेरिका-ईरान युद्ध के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान को 48 घंटे की समय सीमा देते हुए चेतावनी जारी की है. ट्रंप ने कहा है कि यदि इस दौरान होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह और बिना किसी खतरे के नहीं खोला गया, तो अमेरिकी सेना ईरान के ऊर्जा ढांचे को नेस्तनाबूद कर देगा. अमेरिका पर इस समुद्री मार्ग को सुरक्षित करने का दबाव है.
सरकार ने घरेलू उड़ानों के किराए से हटाई 'कैपिंग', अब एयरलाइंस तय करेगी हवाई टिकट के दाम
नागर विमानन मंत्रालय ने घरेलू हवाई किरायों पर लगाई गई अस्थायी सीमा को वापस लेने का फैसला किया है. पिछले साल इंडिगो एयरलाइंस के संकट के बाद टिकटों की आसमान छूती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने यह पाबंदी लगाई थी. हालांकि एयरलाइंस कंपनियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि वे जिम्मेदारी से किराए तय करें और यात्रियों के हितों का ध्यान रखें.
सरकार ने मछुआरों को दी राहत! डीजल के दामों में हुई बढ़ोतरी को लिया वापस
गुजरात में भारत पेट्रोलियम द्वारा मछली पकड़ने वाली नावों के डीज़ल की कीमत में की गई 22.43 रुपये की बढ़ोतरी वापस ले ली गई है. राज्य के मछुआरों को नावों के लिए डीज़ल अब भी पहले से तय रियायती दर पर ही मिलेगा. मत्स्य पालन मंत्री और मछुआरों ने मछुआरों के हित में त्वरित निर्णय लेने के लिए PM मोदी और CM का आभार व्यक्त किया है.
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व हेड कोच गैरी कर्स्टन ने आखिरकार अपने अचानक इस्तीफे की असली वजह बता दी है. एक इंटरव्यू में कर्स्टन ने कहा कि उन्होंने अपने करियर में इतनी ज्यादा इंटरफेरेंस पहले कभी नहीं देखी. उन्होंने बताया कि बाहर से लगातार दबाव और “शोर” के चलते खिलाड़ियों के साथ सही तरीके से काम करना मुश्किल हो गया था.
aajtak.in