आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), 18 फरवरी, 2026 की खबरें और समाचार: टी20 वर्ल्ड कप मैच में टीम इंडिया ने नीदरलैंड्स को 17 रनों से हरा दिया. वहीं, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है. इन खबरों के अलावा, संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का रिमोट कंट्रोल आरएसएस के हाथ में नहीं है. पढ़ें गुरुवार सुबह की बड़ी खबरें.
IND vs NED: वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने जड़ा जीत का चौका, नीदरलैंड्स चारों खाने चित
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बुधवार को टीम इंडिया ने नीदरलैंड्स को 17 रनों से हरा दिया. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया ने शिवम दुबे के 31 गेंदों पर 66 रनों की बदौलत 5 विकेट के नुकसान पर 193 रन का स्कोर बनाया. इसके जवाब में उतरी नीदरलैंड्स की टीम 176 रन ही बना सकी.
लीक हो गई ईरान पर हमले की ट्रंप की तय की तारीख, 12 वॉरशिप-सैकड़ों फाइटर जेट तैयार
तेहरान परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच जारी कूटनीतिक बातचीत के बावजूद युद्ध की आशंका बढ़ती जा रही हैं. अब एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अमेरिका ने ईरान पर हमले की तारीख तय कर ली है. रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि अमेरिका-ईरान के बीच युद्ध निकट है और ये हफ्तों तक चलने वाला पूर्ण पैमाने का संघर्ष हो सकता है.
मोहन भागवत बोले- भाजपा का रिमोट कंट्रोल RSS के हाथ में नहीं', यूजीसी पर दिया बयान
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष को लेकर कार्यक्रमों की श्रृंखला में संघ प्रमुख मोहन भागवत लखनऊ प्रवास पर हैं. इस दौरान संघ प्रमुख ने बुधवार को कहा कि संघ भाजपा का रिमोट कंट्रोल नहीं है. उन्होंने कहा कि संघ के स्वयंसेवक बीजेपी में जाते हैं और पार्टी में सियासी तौर पर आगे भी बढ़े हैं, लेकिन यह कहना गलत है कि संघ भाजपा को चलाता है.v
कैंची धाम ट्रस्ट की पारदर्शिता पर सवाल, एक्शन में उत्तराखंड HC
उत्तराखंड हाईकोर्ट में दायर एक याचिका में बाबा नीम करौली महाराज के कैंची धाम के प्रबंधन ट्रस्ट में कथित अनियमितताओं और पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाया गया है. हाईकोर्ट ने इस मामले में गंभीर रुख अपनाते हुए अधिवक्ता धर्मेंद्र बर्थवाल को न्यायमित्र नियुक्त कर दिया है. कोर्ट ने इस मामले की अगली सुनवाई चार सप्ताह बाद निर्धारित की है.
अब बारिश के चांस कम... आसमान रहेगा साफ! दिल्ली में बढ़ेगी गर्मी
देश की राजधानी दिल्ली में फिलहाल आगे बारिश के आसार नहीं हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में दिल्ली में आसमान साफ रहने की उम्मीद है. तापमान में अचानक आई गर्माहट ने लोगों को समय से पहले गर्मी का एहसास करा दिया है. ऐसे में अब दिल्ली के लोगों को आने वाले दिनों में गर्मी का असर और तेज़ महसूस हो सकता है.
इंडिया AI इम्पैक्ट सिमट में स्पीच देने नहीं आएंगे बिल गेट्स, जानिए क्या है वजह
गेट्स फाउंडेशन ने गुरुवार को ऐलान किया है कि माइक्रोसॉफ्ट के फाउंडर बिल गेट्स नई दिल्ली में हो रहे 'इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026' में अपना मुख्य भाषण नहीं देंगे. यह फैसला उनकी स्पीच के ऑफिशियल ऐलान के ठीक एक दिन बाद लिया गया है. उनकी जगह अब गेट्स फाउंडेशन के अफ्रीका और इंडिया ऑफिस के अध्यक्ष अंकुर वोरा समिट को संबोधित करेंगे.
aajtak.in