आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), 18 फरवरी, 2026 की खबरें और समाचार: इंडिया एआई समिट के इतर पीएम मोदी ने गूगल सीईओ सुंदर पिचाई से मुलाकात की. वहीं, स्विट्जरलैंड के जिनेवा में बुधवार को रूस और यूक्रेन के बीच शांति वार्ता अचानक खत्म हो गई. इन खबरों के अलावा, टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान ने नामीबिया को हराकर सुपर एट में जगह बनाई. पढ़ें बुधवार शाम की बड़ी खबरें.
PM मोदी और सुंदर पिचाई की मुलाकात, भारत-गूगल AI पार्टनरशिप में आएगा नया मोड़
नई दिल्ली में चल रहे India AI Impact Summit 2026 के तीसरे दिन एक अहम मुलाकात हुई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने Google के CEO सुंदर पिचाई से मुलाकात की. यह बैठक Summit के साइल्ड इन में हुई, जहां दोनों ने भारत और गूगल के बीच AI सहयोग को और गहरा करने पर चर्चा की. सुंदर पिचाई ने कहा है कि PM मोदी से मिलना एक अच्छा अनुभव था.
'ये ठीक बात नहीं...', ट्रंप से नाराज दिखे जेलेंस्की, अचानक खत्म हो गई रूस-यूक्रेन शांति वार्ता
स्विट्जरलैंड के जिनेवा में बुधवार को रूस और यूक्रेन के बीच शांति वार्ता अचानक खत्म हो गई. यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूस के साथ इस पीस टॉक को बेहद मुश्किल बताते हुए व्लादिमीर पुतिन के साथ-साथ अमेरिकी राष्ट्रपति को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है. जेलेंस्की ने रूस पर समझौते की प्रक्रिया को जानबूझकर लंबा खींचने का आरोप लगाया.
ICC रैंकिंग में ईशान किशन की सुनामी, मारी 17 पायदान की उछाल... बन गए नंबर 8 टी20 बल्लेबाज
आईसीसी की ताजा टी ट्वेंटी इंटरनेशनल रैंकिंग में ईशान किशन ने 17 स्थान की छलांग लगाई है. अब वे दुनिया के नंबर आठ टी ट्वेंटी बल्लेबाज बन गए हैं. हालिया मैचों में उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और लगातार रन बनाने का फायदा सीधे रैंकिंग में दिखा. वहीं इस रैंकिंग में अभिषेक शर्मा 891 रेटिंग अंकों के साथ दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज बने हुए हैं.
राहुल गांधी से वॉइस सैंपल की मांग, सावरकर मानहानि केस में नया मोड़
विनायक दामोदर सावरकर के परपोते सत्याकी ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि केस में नया आवेदन दायर किया है. उन्होंने पुणे की कोर्ट से मांग की कि राहुल गांधी का वॉइस सैंपल लिया जाए. सत्याकी के वकील ने कोर्ट में दलील दी कि मामले की सही सुनवाई और कुछ इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्डिंग की असलियत साबित करने के लिए आरोपी का वॉइस सैंपल बेहद जरूरी है.
सेमीकंडक्टर, चिप डिजाइन में दिखेगी भारत की ताकत... 1-2 मार्च को गुजरात में होगा तकनीक का महा सम्मेलन
गुजरात सरकार ने 1 से 2 मार्च 2026 को महात्मा मंदिर में आयोजित होने वाले Gujarat SemiConnect Conference 2026 की घोषणा की है. यह समिट भारत को सेमीकंडक्टर निर्माण, चिप डिजाइन और एडवांस पैकेजिंग के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है. यह समिट गुजरात सेमीकनेक्ट का तीसरा एडिशन होगा.
PAK vs NAM: साहिबाजादा का तूफान, तारिक की फिरकी, PAK ने सुपर-8 में पहुंचकर लगा दी रिकॉर्डों की झड़ी
ICC Men's T20 World Cup 2026 में कोलंबो के सिहंलीज स्पोर्ट्स क्लब पाकिस्तान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नामीबिया को 102 रन से करारी शिकस्त दी और सुपर एट में अपनी जगह पक्की कर ली. पाकिस्तान ने नामीबिया के खिलाफ तीन विकेट खोकर 199 रन का स्कोर बनाया. जवाब में रनचेज के लिए उतरी नामीबिया की टीम महज 97 रनों पर 17.3 ओवर में लुढ़क गई.
राजस्थान: बारिश के साथ कई जगह गिरे ओले, किसानों की बढ़ी टेंशन, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से बदला मौसम
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते मौसम ने अचानक करवट ली है. जयपुर समेत राज्य के 10 से अधिक जिलों में आज सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है. दोपहर बाद जयपुर में अचानक अंधेरा छा गया और कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई. वहीं चार जिलों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई है.
'अल्फाबेट, Adobe और Chanel... सभी CEO भारतीय,' मैक्रों ने की भारत की तारीफ
फ्रांस के प्रेसिडेंट इमैनुएल मैक्रों ने मुंबई में इंडिया-फ्रांस इनोवेशन फोरम में इनोवेशन में भारत के बढ़ते ग्लोबल असर की जमकर तारीफ़ की. उन्होंने कहा कि अल्फाबेट के CEO भारतीय हैं. माइक्रोसॉफ्ट के CEO भारतीय हैं. IBM के CEO भारतीय हैं. एडोब के CEO भारतीय हैं. भारत सिर्फ ग्लोबल इनोवेशन में हिस्सा नहीं लेता, भारत उसे लीड करता है.
UP में अकेले चुनाव लड़ेगी बीएसपी, टाइप-8 बंगले अलॉट होने पर भी बोलीं मायावती
BSP सुप्रीमो मायावती ने यूपी के आगामी विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने का ऐलान किया है. मायावती ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे गठबंधन से जुड़ी 'उल्टी खबरों' पर ध्यान न दें और 'हाथी की मस्त चाल' चलते हुए चुनावी तैयारियों में जुट जाएं. मायावती का टार्गेट 2007 की तरह ही प्रदेश में बीएसपी की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाना है.
चीनी रोबो डॉग विवाद के बाद Galgotias University बाहर, AI Impact Summit में सरकार का कड़ा कदम
AI Impact Summit 2026 में गलगोटिया यूनिवर्सिटी की ओर से पेश एक रोबोडोग को लेकर विवाद हो गया है. ये रोबोडोग चीनी कंपनी Unitree का बताया जा रहा है. अब Galgotias University को Summit के Expo एरिया से तुरंत हटाने को कहा गया है. विवाद बढ़ने पर यूनिवर्सिटी ने सफाई दी कि रोबोट को इन हाउस डेवलपमेंट के तौर पर पेश नहीं किया गया था.
aajtak.in