बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने भारत के कार्यवाहक उच्चायुक्त पवन बाधे को तलब किया है और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा द्वारा की गई कुछ टिप्पणियों पर औपचारिक विरोध दर्ज कराया है. वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शिमला में आर्मी ट्रेनिंग कमांड मुख्यालय का दौरा कर भारतीय सेना की ऑपरेशनल तैयारी बढ़ाने का आह्वान किया. पढ़ें शुक्रवार शाम की बड़ी खबरें.
हिमंता सरमा के बयान से बांग्लादेश खफा, भारतीय उच्चायुक्त को ढाका में किया तलब
असम के CM हिमंता की ‘अवैध बांग्लादेशियों’ वाली टिप्पणी पर बांग्लादेश ने भारतीय कार्यवाहक उच्चायुक्त पवन बाधे को तलब कर विरोध जताया है. मीडिया रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है. पिछले हफ़्ते एक सोशल मीडिया पोस्ट में सरमा ने कहा था कि असम में 20 विदेशी नागरिकों को पकड़ा गया और उन्हें वापस बांग्लादेश भेज दिया गया है.
भारतीय सेना को चाहिए और ताकत और तकनीक! शिमला से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का बड़ा संदेश
हिमाचल प्रदेश दौरे के अंतिम दिन शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आर्मी ट्रेनिंग कमांड मुख्यालय का दौरा किया और सेना की ऑपरेशनल तैयारियों को और मज़बूत करने का आह्वान किया. राष्ट्रपति ने कहा कि भारतीय सेना को भविष्य की चुनौतियों के लिए और अधिक उत्साह व समर्पण के साथ कार्य जारी रखना चाहिए.
ईरान जंग में अमेरिका को हुआ 24 हजार करोड़ रुपये का नुकसान, जिसे छिपा रही ट्रंप सरकार
अमेरिका स्थित थिंक टैंक सेंटर फॉर स्ट्रैटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज के अनुसार, ईरान के मिसाइलों, ड्रोनों और एक दुर्भाग्यपूर्ण 'फ्रेंडली फायर' की वजह से अमेरिकी सैन्य उपकरणों को $2.3 अरब से $2.8 अरब का नुकसान हुआ है. यह अनुमान मुख्य रूप से हवाई उपकरणों का है. इसमें अमेरिकी ठिकानों पर हुए नुकसान या नौसेना के जहाजों का नुकसान शामिल नहीं है.
हज का किराया, सरकार ने 10 हजार बढ़ाया, ओवैसी बोले- ये शोषण है
ईरान संघर्ष के कारण ATF की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के चलते हज कमेटी ने हज के हवाई किराए में ₹10000 की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है. सरकार के एक सर्कुलर में कहा गया है कि मध्य-पूर्व में मौजूदा हालात को देखते हुए हवाई किराए में यह एक बार का बदलाव जरूरी था. विपक्ष ने किराए में की गई इस बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग की है.
'गैस की महंगाई चुनावी बिल...', सिलेंडर के दाम बढ़ने पर राहुल गांधी ने मोदी सरकार को घेरा
कांग्रेस MP राहुल गांधी ने महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला है. राहुल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि उन्होंने पहले ही चेतावनी दी थी कि चुनाव के बाद महंगाई बढ़ेगी और अब वही हो रहा है. राहुल ने कहा कि आज कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में ₹993 की बढ़ोतरी हुई है, जो एक दिन में अब तक की सबसे बड़ी वृद्धि है.
महाकाल मंदिर की खुदाई में मिला 11वीं शताब्दी का शिवलिंग, पूजा-अर्चना करने पहुंचे श्रद्धालु
MP में उज्जैन के महाकाल मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्य के दौरान एक 11वीं शताब्दी का शिवलिंग मिला है. बुद्ध पूर्णिमा की सुबह भस्म आरती के बीच टनल निर्माण के लिए हो रही खुदाई में यह शिवलिंग मिला. पुरातत्वविद इसे 11वीं शताब्दी का परमारकालीन शिवलिंग बता रहे हैं. शिवलिंग मिलने के बाद पुजारियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की.
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इंडियन स्टेट वाले बयान के मामले में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ FIR की मांग वाली याचिका खारिज कर दी है. राहुल गांधी ने 15 जनवरी 2025 को नए कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन के उद्घाटन के मौके पर बयान दिया था कि कि हमारी लड़ाई RSS, BJP और इंडियन स्टेट से है. हाईकोर्ट में यह याचिका सिमरन गुप्ता ने दायर की थी.
क्या UAE भी इस बार होगा ईरान के खिलाफ युद्ध में शामिल? 3 देशों से अपने लोगों को तुरंत निकलने को कहा
UAE ने अपने नागरिकों के ईरान, इराक और लेबनान की यात्रा करने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है. यूएई के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है. यूएई के विदेश मंत्रालय ने एडवाइज़री जारी करते हुए यह अपील की है कि हमारे जो भी नागरिक ईरान, इराक और लेबनान में हैं, वे तुरंत अपने देश वापस लौट आएं.
कैमरा और सेंसर से ऑटोमेटिक कटेगा टोल, शुरू हुआ भारत का पहला मल्टीलेन फ्री फ्लो टोल
देश का पहला मल्टीलेन फ्री फ्लो बैरियर-लेस टोलिंग सिस्टम लॉन्च कर दिया गया है. इसकी जानकारी रोड ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दी है. ये सिस्टम गुजरात में NH-48 के सूरत–भरूच सेक्शन पर स्थित चोरयासी टोल प्लाजा पर शुरू हुआ है. ये एडवांस सिस्टम वाहनों को बिना रुके टोल भुगतान की सुविधा प्रदान करता है.
MI के स्टार सेंटनर OUT, चोट ने बिगाड़ा गेम प्लान, NZ टीम को तगड़ा झटका
न्यूज़ीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर कंधे की चोट के चलते कम से कम एक महीने के लिए क्रिकेट से बाहर हो गए हैं. IPL 2026 में मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे सेंटनर इस हफ्ते की शुरुआत में स्वदेश लौटे, जहां स्कैन में उनके बाएं कंधे में ग्रेड-3 ACL इंजरी की पुष्टि हुई. यह चोट उन्हें 23 अप्रैल को CSK के खिलाफ मैच में फील्डिंग के दौरान लगी थी.
aajtak.in