बेटे को IIT बॉम्बे में एडमिशन दिलाने के नाम पर महिला से ठगी, फर्जी IRS अधिकारी पर केस दर्ज

महाराष्ट्र के ठाणे में एक महिला से उसके बेटे का एडमिशन आईआईटी, बॉम्बे में कराने के नाम पर 12.5 लाख रुपये की ठगी की गई. आरोपी ने खुद को IRS अधिकारी बताकर भरोसा जीता और पैसे ऐंठ लिए. पूरे मामले को लेकर महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.

Advertisement
ठाणे में महिला से 12 लाख की हुई ठगी. (Photo: Representational ) ठाणे में महिला से 12 लाख की हुई ठगी. (Photo: Representational )

aajtak.in

  • ठाणे,
  • 15 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 10:20 AM IST

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक महिला से उसके बेटे का एडमिशन दिलाने के नाम पर 12.5 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. एक एजेंसी के मुताबिक पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी ने खुद को एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी बताकर महिला का विश्वास जीता और पैसे ऐंठ लिए.

खुद को बताता था इंडियन रेवेन्यू सर्विस का अधिकारी
पुलिस के अनुसार यह घटना दिवा इलाके की है, जहां आरोपी और पीड़ित महिला एक ही हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में रहते थे. आरोपी ने महिला से परिचय बढ़ाते हुए खुद को इंडियन रेवेन्यू सर्विस (IRS) का अधिकारी बताया और दावा किया कि विभिन्न सरकारी विभागों में उसका अच्छा-खासा प्रभाव है. इसी प्रभाव का हवाला देते हुए उसने महिला को भरोसा दिलाया कि वह उसके बेटे का एडमिशन आईआईटी, बॉम्बे में करवा सकता है.

Advertisement

मुंब्रा पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने वर्ष 2023 के दौरान अलग-अलग किस्तों में महिला से कुल 12 लाख 50 हजार रुपये ले लिए. महिला ने अपने बेटे के भविष्य को देखते हुए आरोपी पर भरोसा कर रकम दे दी. हालांकि, काफी समय बीत जाने के बावजूद जब एडमिशन की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई, तो महिला को संदेह हुआ.

जब महिला ने आरोपी से इस संबंध में पूछताछ की, तो वह टालमटोल करने लगा और स्पष्ट जवाब देने से बचता रहा. अंततः जब महिला को एहसास हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है, तो उसने इस सप्ताह की शुरुआत में पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई.

पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने बताया कि सोमवार को आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की भूमिका की विस्तार से पड़ताल की जा रही है. पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस प्रकार के झांसे में न आएं और किसी भी शैक्षणिक संस्थान में प्रवेश के लिए केवल आधिकारिक प्रक्रिया का ही पालन करें. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement