पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे से यात्रा करने वाले वाहन चालकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है. डोंगरगांव–कुसगांव (कि.मी. 58/500) क्षेत्र में पुल की मरम्मत और पेंटिंग कार्य के कारण दो दिनों तक कुछ घंटों के लिए यातायात पूरी तरह बंद रहेगा. यह निर्णय मार्ग की सुरक्षा और रखरखाव को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. इस दौरान यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके.
महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास महामंडल के अनुसार, 23 अप्रैल 2026 को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक मुंबई की ओर जाने वाला ट्रैफिक पूरी तरह बंद रहेगा. इस अवधि में सभी वाहनों को किवलले, देहूरोड और तलेगांव मार्ग से राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के जरिए कुसगांव टोल प्लाजा होकर मुंबई की ओर डायवर्ट किया जाएगा. प्रशासन ने यात्रियों से पहले से यात्रा की योजना बनाने की अपील की है.
यह भी पढ़ें: पुणे में नाबालिग से महीनों तक रेप करता रहा सिक्योरिटी गार्ड, 5 महीने की गर्भवती हुई पीड़िता, आरोपी फरार
मुंबई लेन बंद, ट्रैफिक डायवर्जन लागू
इसी तरह 24 अप्रैल 2026 को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक पुणे की ओर आने वाला ट्रैफिक बंद रखा जाएगा. इस दौरान वाहनों को कुसगांव टोल प्लाजा से राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के रास्ते देहूरोड और किवळे मार्ग से पुणे की ओर भेजा जाएगा. प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था के चलते यात्रियों को कुछ समय के लिए देरी और असुविधा का सामना करना पड़ सकता है.
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने सलाह दी है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर जांच लें. गर्मी के मौसम को देखते हुए किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर सहायता के लिए कंट्रोल रूम और हाईवे पुलिस के संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं.
यात्रियों से अपील, सुरक्षा के लिए रखरखाव कार्य
प्रशासन ने बताया कि यह ट्रैफिक ब्लॉक आवश्यक रखरखाव कार्यों के लिए किया जा रहा है ताकि भविष्य में मुंबई–पुणे एक्सप्रेसवे पर यात्रा और अधिक सुरक्षित तथा सुगम हो सके. यात्रियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय में यात्रा से बचें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें.
श्रीकृष्ण पांचाल