मुंबई की नवनिर्वाचित मेयर रितु तावड़े के बायकुला स्थित सरकारी बंगले के रेनोवेशन को लेकर नया विवाद शुरू हो गया है. बीएमसी (BMC) की स्टैंडिंग कमेटी ने बुधवार को इस हेरिटेज बंगले के नवीनीकरण के लिए ₹3.48 करोड़ के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. इस आलीशान रेनोवेशन में इटैलियन मार्बल से लेकर पुराने जमाने के एंटीक झूमर तक शामिल हैं.
आरटीआई एक्टिविस्ट अनिल गलगाली ने दस्तावेजों के जरिए इस फिजूलखर्ची पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने बताया कि 2022-23 में जहां बंगले के रखरखाव पर मात्र 2.92 लाख रुपये खर्च हुए थे, वहीं अब सीधे 3.48 करोड़ रुपये का प्रस्ताव है.
गलगाली का आरोप है कि नगर निगम जनवरी 2026 में ही कई मरम्मत कार्य करवा चुका है, ऐसे में दोबारा खर्च की कोई जरूरत नहीं है.
क्या-क्या बदलेगा बंगले के भीतर?
प्रस्ताव के मुताबिक, यह रेनोवेशन बंगले को एक आधुनिक और शाही लुक देगा.
ग्राउंड फ्लोर की पूरी फर्श को इटैलियन मार्बल से दोबारा बनाया जाएगा.
बंगले में पुराने स्टाइल के झूमर और वेनेशियन ब्लाइंड्स लगाए जाएंगे.
किचन को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा और ग्राउंड फ्लोर के ऑडिटोरियम को एक हाई-टेक मीटिंग रूम में बदला जाएगा.
नए बेडरूम और टॉयलेट यूनिट्स भी जोड़े जाएंगे.
विपक्ष ने उठाई जवाबदेही की मांग
कांग्रेस पार्षद अशरफ आजमी ने स्टैंडिंग कमेटी में सवाल उठाया कि क्या बिलों को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया जा रहा है? उन्होंने कहा कि मेयर के बंगले में सुविधाएं होनी चाहिए, लेकिन जनता के पैसे की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए.
बता दें कि यह बंगला बायकुला के प्रसिद्ध वीरमाता जीजाबाई भोसले उद्यान (रानीबाग) परिसर के भीतर स्थित है और एक हेरिटेज संपत्ति है.
मुस्तफा शेख