मैच के बीच बजा दिया DJ, वाइब्रेशन के बीच छत्ते से उड़ने लगीं मधुमक्खियां, हमले में रिटायर्ड कर्मचारी की मौत

महाराष्ट्र के चंद्रपुर में क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियों के हमले से हड़कंप मच गया. तेज DJ की आवाज से भड़की मधुमक्खियों ने खिलाड़ियों और दर्शकों पर हमला कर दिया, जिसमें एक रिटायर्ड कर्मचारी की मौत हो गई. वहीं दो अन्य लोग घायल हो गए हैं.

Advertisement
थर्मल पावर स्टेशन के ग्राउंड पर चल रहा था मैच. (Photo: Screengrab) थर्मल पावर स्टेशन के ग्राउंड पर चल रहा था मैच. (Photo: Screengrab)

विकास राजूरकर

  • चंद्रपुर,
  • 08 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 8:48 AM IST

महाराष्ट्र के चंद्रपुर से दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां मधुमक्खियों के हमले में एक रिटायर्ड कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए. यह हादसा उस समय हुआ, जब चंद्रपुर थर्मल पावर स्टेशन के ग्राउंड में क्रिकेट मैच खेला जा रहा था और वहां तेज आवाज में DJ बज रहा था.

मृतक की पहचान 65 साल के मधुकर रंगारी के रूप में हुई है, जो पास के नवेगांव-सिंहला गांव के रहने वाले थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मैच के दौरान DJ की तेज आवाज और कंपन के कारण पास में मौजूद मधुमक्खियों का छत्ता भड़क गया. अचानक बड़ी संख्या में मधुमक्खियां उड़कर मैदान में आ गईं और वहां मौजूद खिलाड़ियों व दर्शकों पर हमला कर दिया.

Advertisement

हमला इतना अचानक और तेज था कि मैदान में अफरा-तफरी मच गई. खिलाड़ी और दर्शक अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. कई लोग जमीन पर लेट गए तो कुछ ने अपने कपड़ों से खुद को ढकने की कोशिश की. इस दौरान तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया.

अस्पताल में डॉक्टरों ने मधुकर रंगारी को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज जारी है. डॉक्टरों के मुताबिक, मधुमक्खियों के कई डंक लगने से उनकी हालत गंभीर हो गई थी, जिससे उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.

यह भी पढ़ें: किसी ने लिया गमछे का सहारा, तो कोई बचने के लिए तोड़ने लगा पत्ते... बीकानेर में कांग्रेसियों पर मधुमक्खियों का धावा

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस जगह यह घटना हुई, वहां पहले से मधुमक्खियों का छत्ता मौजूद था, लेकिन इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया. DJ की तेज आवाज के बीच मधुमक्खियां उड़ने लगीं, जिससे वे आक्रामक हो गईं और हमला कर बैठीं.

Advertisement

घटना के बाद कुछ देर तक मैदान में दहशत का माहौल बना रहा. जब मधुमक्खियां शांत हुईं, तब जाकर हालात काबू में आए और लोगों ने राहत की सांस ली. इस दौरान का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग मधुमक्खियों से बचने के लिए भागते नजर आ रहे हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement