झारखंड के रांची ज़िले में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को लोहे की रॉड से पीट-पीटकर मार डाला. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. अधिकारी ने बताया कि यह घटना सोमवार को सोनाहातू पुलिस थाना क्षेत्र के लापुंगडीह गांव में हुई. पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान गांगी देवी (35) के रूप में हुई है और आरोपी की पहचान चित्रंजन सिंह मुंडा (40) के रूप में हुई है.
सोनाहातू पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी प्रेम प्रदीप ने कहा कि अपराध करने के बाद से आरोपी फरार है. उनके बीच किसी बात को लेकर हुए झगड़े के बाद उसने महिला की हत्या कर दी थी. शव को पोस्टमार्टम के लिए रांची के RIMS भेज दिया गया है. हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड घटनास्थल से बरामद कर ली गई है.
यह भी पढ़ें: इश्क, इंतकाम और डबल मर्डर... 'लेडी किलर' की खौफनाक दास्तां, प्रेमी को पाने के लिए बनी हैवान
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
प्रेम प्रदीप के मुताबिक पुलिस आरोपी का पता लगाने और उसे पकड़ने के लिए इलाके में कई जगहों पर छापेमारी कर रही है. इस मामले में पुलिस थाने में एक FIR दर्ज कर ली गई है.
पड़ोसियों ने बताया कि पति-पत्नी में अक्सर लड़ाई झगड़े होते थे. कई बार दोनों को समझाया भी गया था. बावजूद इसके दोनों के बीच लड़ाई बंद नहीं हुई. सोमवार को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था ऐसे में पति ने पत्नी को मौत के घाट उतार दिया.
aajtak.in