अचानक धरती फटी और घरों में आई दरारें, मचा हड़कंप...दहशत में झरिया के लोग

झारखंड के झरिया में एक बार फिर भू-धंसान से हड़कंप मच गया है. धर्मनगर इलाके में जमीन फटने और घरों में दरारें पड़ने से लोग दहशत में हैं. कई परिवार घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं. वर्षों से जलती कोयला खदानों को इसका कारण माना जा रहा है.

Advertisement
दहशत में झरिया के लोग (Photo: itg) दहशत में झरिया के लोग (Photo: itg)

सिथुन मोदक

  • झरिया,
  • 09 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 12:48 PM IST

झारखंड के झरिया में एक बार फिर भू-धंसान की घटना ने लोगों की नींद उड़ा दी है. झरिया के चौथाई कुली स्थित धनबाद-सिंदरी मुख्य मार्ग के समीप बसे धर्मनगर में अचानक जमीन फटने और कई घरों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ने से इलाके में हड़कंप मच गया है.

 स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि लोग अपने जीवन भर की जमा पूंजी से बनाए घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करने पर मजबूर हैं. धर्मनगर और उसके आसपास के करीब एक दर्जन से अधिक घरों की दीवारों और फर्श पर अचानक दरारें उभर आई हैं.

Advertisement

इलाके के निवासी सरल साह का कहना है कि दरारों का दायरा समय के साथ बढ़ता ही जा रहा है, जिससे कई मकानों के किसी भी क्षण ढहने की आशंका बनी हुई है. जमीन फटने की आवाज और दीवारों के चटकने से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है. 

स्थानीय निवासी महेंद्र गोप ने बताया कि वे इस क्षेत्र में पिछले 50 वर्षों से अधिक समय से रह रहे हैं. यह पूरा इलाका पूर्व में कोयला खदान क्षेत्र रहा है . वर्षो से जमीन के नीचे लगी आग और पुरानी खाली खदानों के कारण अक्सर इस तरह के खतरा बना रहता हैं. भयभीत होकर कई परिवारों ने अपने घरों से सामान समेट लिया है और रिश्तेदारों या अन्य सुरक्षित जगहों पर शरण ले रहे हैं. 
 



 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement