जमशेदपुर के डिमना इलाके में स्थित लेक व्यू होटल एंड रिजॉर्ट को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पतंजलि के नाम की आड़ में यहां लंबे समय से देह व्यापार का धंधा चल रहा है. ग्रामीणों के अनुसार, उन्हें पहले बताया गया था कि यहां पतंजलि का अस्पताल खोला जाएगा, इसलिए उन्होंने जमीन देने का विरोध नहीं किया. लेकिन समय के साथ यहां गतिविधियों को लेकर संदेह बढ़ता गया.
ग्रामीणों का कहना है कि बाहर से युवक-युवतियां यहां आकर ठहरते थे और ऐश करते थे. इसी संदेह के बीच ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर दो कपल को पकड़ लिया और जमकर हंगामा किया. रिसॉर्ट संचालक ने सफाई देते हुए कहा कि यहां बुकिंग ओयो के माध्यम से ली जाती है. वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें अस्पताल की जानकारी दी गई थी, लेकिन यहां रिसॉर्ट संचालित हो रहा है.
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर की नदी में मिला 226 किलो का बम...बॉम्ब स्क्वाड भी पीछे हटा, सेना ही कर सकती है डिफ्यूज
डिमना का यह चर्चित रिसॉर्ट अब लेक व्यू होटल एंड रिजॉर्ट के नाम से जाना जा रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि यहां अनैतिक गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं.
ग्रामीणों का हंगामा और बंधक बनाने का आरोप
घटना के दौरान दर्जनों ग्रामीण हथियारों के साथ रिसॉर्ट पहुंचे और वहां मौजूद तीन युवक और तीन युवतियों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ लिया. ग्रामीणों का आरोप है कि यहां देह व्यापार खुलेआम चल रहा है और शहर में जहां ओयो है, वहीं ग्रामीण क्षेत्र में यह होटल उसी तरह काम कर रहा है. ग्रामीणों के पहुंचते ही रिसॉर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है. बताया जा रहा है कि इससे पहले भी यह रिसॉर्ट देह व्यापार के आरोपों को लेकर सुर्खियों में रह चुका है. ग्रामीणों का कहना है कि पतंजलि केंद्र के नाम पर यहां गलत गतिविधियां संचालित हो रही हैं.
संचालक की सफाई और ग्रामीणों की मांग
रिसॉर्ट संचालक का कहना है कि यहां पतंजलि केंद्र संचालित होता है और योग सिखाया जाता है. उनका दावा है कि बिना पहचान पत्र किसी को प्रवेश नहीं दिया जाता. उन्होंने कहा कि बिना आधार कार्ड के किसी को अंदर नहीं आने दिया जाता है.
हालांकि, ग्रामीणों का सवाल है कि यदि पहचान पत्र के साथ बंद कमरों में गलत गतिविधियां हो रही हैं तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है. ग्रामीणों ने हथियारों के साथ प्रदर्शन करते हुए पतंजलि केंद्र को बंद करने की मांग की है. फिलहाल ग्रामीणों ने पकड़े गए लड़का और लड़की को रोककर रखा हुआ है और मामले ने इलाके में तनाव का माहौल बना दिया है.
अनूप सिन्हा