झारखंड के धनबाद जिले से एक बेहद संदेहास्पद मामला सामने आया है, जहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की तस्वीर वाले एक बड़े पोस्टर को सड़क के बीचों-बीच चिपका दिया गया. व्यस्त सड़क होने के कारण दिन भर गाड़ियां उस पोस्टर के ऊपर से गुजरती रहीं. इस घटना की जानकारी मिलते ही झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे मुख्यमंत्री के अपमान की साजिश बताया है.
धनबाद पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी मनोज पांडे ने एक न्यूज एजेंसी को बताया कि मंगलवार को रणधीर वर्मा गोलचक्कर के पास सड़क के बीचों-बीच वह पोस्टर लगाया गया था, जिसके बाद गाड़ियां उसके ऊपर से गुजरीं.
सत्ताधारी पार्टी JMM की धनबाद शहर इकाई के अध्यक्ष मंटू कुमार चौहान ने इस संबंध में अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.
पुलिस अधिकारी ने आगे बताया, "शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि शरारती तत्वों ने इस हरकत के जरिए मुख्यमंत्री की छवि खराब करने की कोशिश की है."
पांडे ने कहा, "हमने तुरंत जांच शुरू कर दी है. रणधीर वर्मा चौक पर घटनास्थल के पास के दुकानदारों ने हमें बताया कि एक अधेड़ उम्र का मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति सड़क के बीचों-बीच पोस्टर लगाते हुए देखा गया था. हम उस व्यक्ति का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं."
मंटू कुमार चौहान ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस घटना के बारे में पता चला।
JMM नेता ने कहा, "जिस तरह से सड़क पर वह बड़ा पोस्टर लगाया गया है, उससे लगता है कि मुख्यमंत्री की छवि खराब करने के लिए यह जान-बूझकर किया गया है."
aajtak.in