जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला पर हुए जानलेवा हमले ने पूरे देश को चौंका दिया है. मौत को करीब से देखने के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया में 88 साल के फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि ऊपर वाले का शुक्र है कि उन्होंने मेरी जान बचा ली. उन्होंने बताया कि जब गोलियां चलीं, तो उन्हें लगा कि शादी में पटाखे फूट रहे हैं.
हमले के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए अब्दुल्ला ने पूरी घटना के बारे में बताया. उन्होंने कहा, 'मैं प्रोग्राम से बाहर निकल रहा था, तभी मुझे पटाखे जैसी आवाज सुनाई दी. मुझे तुरंत सुरक्षाकर्मियों ने कार में बिठाया. बाद में पता चला कि एक शख्स पिस्तौल लिए हुए था और उसने दो गोलियां चलाई थीं.' उन्होंने साफ किया कि वह उस हमलावर को नहीं जानते और न ही उन्हें पता है कि वह उन्हें क्यों मारना चाहता था.
यह भी पढ़ें: एक इंस्पेक्टर और एक SI... पुलिस के दो जांबाज, जिन्होंने फारूक अब्दुल्ला पर चली गोली की दिशा बदल दी
20 साल से कत्ल की फिराक में था हमलावर
पकड़े गए हमलावर की पहचान जम्मू के रहने वाले 63 साल के कमल सिंह जमवाल के रूप में हुई है. पुलिस की पूछताछ में उसने जो खुलासा किया, वो हैरान करने वाला है. जमवाल ने बताया कि वह पिछले 20 सालों से फारूक अब्दुल्ला को जान से मारने की कोशिश कर रहा था. शादी के घर में लगे सीसीटीवी फुटेज में भी साफ दिख रहा है कि हमलावर अब्दुल्ला के पीछे से आया और एकदम करीब से उन पर बंदूक तान दी. गनीमत रही कि निशाना चूक गया और सुरक्षाकर्मियों ने उसे दबोच लिया.
सुरक्षा में भारी चूक? गृह मंत्री अमित शाह ने किया फोन
फारूक अब्दुल्ला को जेड प्लस (Z+) सुरक्षा मिली हुई है, इसके बावजूद हमलावर का उनके इतना करीब पहुंच जाना बड़े सवाल खड़े करता है. इस घटना के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने खुद फारूक अब्दुल्ला को फोन कर उनका हालचाल जाना और जांच का भरोसा दिलाया. अब्दुल्ला ने कहा, 'गृह मंत्री का फोन आया था, उन्होंने जांच की बात कही है और जांच होनी भी चाहिए. शादी में पुलिस की मौजूदगी नहीं थी, इसे सुरक्षा की बड़ी चूक कहना भी गलत नहीं होगा.'
यह भी पढ़ें: J-K के राजौरी में सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता... चमरेर जंगल में आतंकी ठिकाना ध्वस्त, खाने-पीने का सामान और IED बरामद
बढ़ती हिंसा और नफरत पर चिंता जताते हुए नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख ने कहा कि आज जो नफरत का माहौल बनाया जा रहा है, ऐसी घटनाएं उसी का नतीजा हैं. उन्होंने कहा कि कोई भी धर्म नफरत नहीं सिखाता, सिर्फ प्यार सिखाता है. वहीं उनके बेटे और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर एक बंदूकधारी इतने करीब कैसे पहुंच गया? फिलहाल, पूरे मामले की जांच जारी है और हमलावर से पूछताछ की जा रही है.
aajtak.in