हिमाचल प्रदेश में होने वाले पंचायत चुनावों से पहले सोलन जिले में बैलेट पेपर गायब होने का मामला सामने आया है. इस मामले में पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. घटना के बाद चुनावी प्रक्रिया को लेकर प्रशासन में हड़कंप मच गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. जानकारी के मुताबिक सोलन जिले के कुनिहार क्षेत्र में पंचायत चुनावों के लिए बैलेट पेपर तैयार किए जा रहे थे.
इसी दौरान जांच में दो बैलेट पेपर गायब पाए गए. बैलेट पेपर गायब होने की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई. इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज की गई. सोलन के पुलिस अधीक्षक तिरुमलाराजू एसडी वर्मा ने बताया कि बैलेट पेपर तैयार करने की प्रक्रिया के दौरान गिनती और जांच में दो बैलेट पेपर कम पाए गए थे. इसके बाद संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बैलेट पेपर कैसे गायब हुए और इसके पीछे किसी तरह की लापरवाही या साजिश तो नहीं थी. हिमाचल प्रदेश में 3,754 ग्राम पंचायतों के लिए चुनाव तीन चरणों में 26, 28 और 30 मई को कराए जाएंगे. इन चुनावों में कुल 31,182 पदों के लिए मतदान होगा. इनमें 21,654 ग्राम पंचायत सदस्य, 3,754 प्रधान, 3,754 उपप्रधान, 1,679 पंचायत समिति सदस्य और 251 जिला परिषद सदस्य शामिल हैं.
चुनाव आयोग के मुताबिक ग्राम पंचायत, प्रधान और उपप्रधान पदों के नतीजे मतदान वाले दिन ही घोषित कर दिए जाएंगे, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के परिणाम 31 मई को घोषित किए जाएंगे. इन चुनावों में राज्यभर के 50 लाख 79 हजार 48 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. इनमें 25 लाख 11 हजार 249 महिला मतदाता, 25 लाख 67 हजार 770 पुरुष मतदाता और 29 अन्य जेंडर के मतदाता शामिल हैं. खास बात यह है कि इस बार 52 हजार 350 मतदाता पहली बार वोट डालेंगे.
aajtak.in