हरियाणा: केस के बहाने बुलाया फिर रेत दिया वकील का गला, एक साल पहले की थी लव मैरिज

हरियाणा के झज्जर में वकील देवराज की गला रेतकर हत्या का मामला सामने आया है. आरोप है कि कुछ लोगों ने केस के बहाने फोन कर उन्हें बुलाया और छारा चुंगी के पास वारदात को अंजाम दिया. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रोहतक पीजीआई पहुंचने से पहले उनकी मौत हो गई.

Advertisement
वकील देवराज की हत्या (File Photo: Pratham Sharma/ITG) वकील देवराज की हत्या (File Photo: Pratham Sharma/ITG)

प्रथम शर्मा

  • झज्जर,
  • 05 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 5:19 PM IST

हरियाणा के झज्जर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक वकील की गला रेतकर हत्या कर दी गई. आरोप है कि कुछ लोगों ने केस के बहाने फोन कर वकील को बुलाया और फिर शहर की छारा चुंगी के पास इस वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है.

Advertisement

मृतक की पहचान देवराज के रूप में हुई है, जो झज्जर के सिलानी गांव का रहने वाला था. देवराज साल 2014 से झज्जर बार एसोसिएशन का सदस्य था और लंबे समय से वकालत कर रहा था. बताया जा रहा है कि इस मामले में झज्जर के गांव कुलताना निवासी हिमांशू सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.

वकील की गला रेतकर हत्या

जानकारी के अनुसार करीब एक साल पहले देवराज ने गुभाना गांव की स्वीटी से प्रेम विवाह किया था. स्वीटी की यह दूसरी शादी थी और उसके पहले पति से एक बेटा भी है. शादी के बाद देवराज ने उस बच्चे को अपना नाम दिया था.  देवराज झज्जर के माता गेट मोहल्ले में अपने ससुर प्रकाश और दिव्यांग साले के साथ किराये के मकान में रह रहा था. उसके साथ उसकी पत्नी स्वीटी और बेटा शौर्य भी रहते थे.

Advertisement

बताया जा रहा है कि वारदात के बाद देवराज को गंभीर हालत में झज्जर के नागरिक अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया. लेकिन एम्बुलेंस से रोहतक ले जाते समय रास्ते में ही देवराज ने दम तोड़ दिया. बाद में रोहतक पीजीआई पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

मृतक के ससुर प्रकाश ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना देर शाम करीब दस बजे अस्पताल से मिली थी. सूचना मिलने के बाद वह अपनी बेटी स्वीटी को लेकर तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचे. वहां से एम्बुलेंस में घायल देवराज को रोहतक पीजीआई ले जाया जा रहा था. प्रकाश ने बताया कि वह खुद एम्बुलेंस के साथ रोहतक जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही देवराज की मौत हो गई. उन्होंने खून से सने अपने कपड़े भी मीडिया को दिखाए.

इस घटना के बाद झज्जर बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं में भारी रोष देखने को मिला. वकीलों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए अपना कामकाज बंद कर दिया और वर्क सस्पेंड कर दिया. बार प्रधान दीपक गोयल ने बताया कि मृतक देवराज बेहद मिलनसार और अच्छे व्यवहार के शख्स थे. अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि अगर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो हड़ताल जारी रखी जाएगी.

Advertisement

कुलताना के हिमांशू समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

घटना की सूचना मिलने के बाद झज्जर पुलिस मातागेट मोहल्ले में देवराज के घर भी पहुंची और पूरे मामले की जांच की. एसीपी सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि इस मामले में मृतक के पिता जगत सिंह की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement