ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बने युद्ध जैसे हालात का असर हजारों किलोमीटर दूर काम कर रहे भारतीयों पर भी दिखाई दे रहा है. हरियाणा के गोहाना क्षेत्र के गांव बिधल के रहने वाले दो सगे भाई अनिल मलिक और अमित मलिक इस समय कतर और दुबई में फंसे हुए हैं. दोनों भाई मर्चेंट नेवी के तहत तेल और गैस रिग लाइन पर काम करते हैं और इन दिनों हालात को लेकर उनका परिवार गहरी चिंता में है.
जानकारी के अनुसार, ईरान की तरफ से सऊदी अरब में अमेरिकी एयर बेस को निशाना बनाए जाने और मिसाइल हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया. लगातार गोलाबारी और हमलों की आशंका को देखते हुए कंपनी ने सुरक्षा कदम उठाए. समुद्र के बीच काम कर रहे कर्मचारियों को हेलीकॉप्टर के जरिए शहर में शिफ्ट किया गया. अनिल और अमित मलिक को भी जहाज से निकालकर होटल में ठहराया गया है. भाईयों ने घर वीडियो कॉल कर परिजनों को आपबीती बताई.
समंदर में ऑयल रिग पर कर रहे थे काम
अमित मलिक और अनिल मलिक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं. उनके पास करीब ढाई एकड़ जमीन है. बेहतर भविष्य और अच्छी कमाई की उम्मीद में अमित करीब दस साल पहले विदेश चले गए थे. बाद में उन्होंने अपने बड़े भाई अनिल को भी इसी क्षेत्र में काम दिलाया. दोनों भाई ऑयल और गैस रिग लाइन पर तैनात हैं, जहां काम बेहद जोखिम भरा होता है.
रिग लाइन पर कर्मचारियों को हेलीकॉप्टर से समुद्र के बीच जहाज तक पहुंचाया जाता है. वहां उन्हें लगातार 28 दिन तक 12-12 घंटे की शिफ्ट में काम करना पड़ता है. समुद्र के भीतर करीब 18 से 20 हजार फीट तक ड्रिलिंग कर तेल और गैस निकाली जाती है. ऐसे हालात में काम करना पहले ही चुनौतीपूर्ण होता है, ऊपर से युद्ध जैसे माहौल ने खतरा और बढ़ा दिया है.
हर पल दहशत में जी रहे हैं दो भारतीय भाई
अमित मलिक ने परिवार को बताया कि होटल में ठहरने के दौरान उनके ऊपर से एक मिसाइल गुजरती दिखाई दी, जिसे डिफेंस सिस्टम ने हवा में ही नष्ट कर दिया. वहीं अनिल मलिक के अनुसार बेस कैंप पर अचानक वार्निंग सायरन बजा. आसमान में मिसाइल दिखाई देने के बाद सभी कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया.
बताया जा रहा है कि रिग लाइन पर अभी भी करीब ढाई सौ से ज्यादा कर्मचारी मौजूद हैं. संभावित खतरे को देखते हुए हेलीकॉप्टर उड़ानों को रोक दिया गया है. कर्मचारियों को होटल में ही रहने और बाहर न निकलने के निर्देश दिए गए हैं. भारतीय दूतावास ने भी हेल्पलाइन जारी कर सभी भारतीयों से संपर्क में रहने की अपील की है.
बेहतर कमाई के लिए गए थे विदेश
गांव बिधल में परिवार के लोग हर पल फोन कॉल का इंतजार कर रहे हैं. पत्नी, बच्चे और बुजुर्ग पिता उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं. बेहतर कमाई के लिए चुना गया यह काम आज पूरे परिवार के लिए चिंता का कारण बन गया है. समंदर के बीच काम कर रहे इन दोनों भाइयों की सुरक्षित वापसी के लिए अब पूरा गांव प्रार्थना कर रहा है.
सुरेंदर सिंह