हरियाणा के गोहाना से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपने ही 7 साल के बेटे के साथ बेरहमी से मारपीट की. बताया जा रहा है कि बच्चे ने अपने पिता से खाने की चीज मांगी थी, इसी बात से नाराज होकर पिता ने उसे बुरी तरह पीटा. घटना का एक 6 सेकंड का वीडियो भी सामने आया है, जिसे पास खड़ी मां ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया. वीडियो में आरोपी पिता अपने बेटे के ऊपर बैठकर उसे पीटता हुआ नजर आ रहा है. यह दृश्य बेहद दर्दनाक बताया जा रहा है.
महिला के अनुसार, उसकी शादी को 15 साल हो चुके हैं और उसके तीन बच्चे हैं. उसने बताया कि उसका पति पहले भी बच्चे के साथ मारपीट करता रहा है. घटना 16 मई की बताई जा रही है, जब महिला अपने बच्चों के साथ जींद अपने मायके में रह रही थी.
खाने की बात पर बच्चे से मारपीट का आरोप
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति उस पर वीडियो डिलीट करने के लिए दबाव बना रहा था. घटना के बाद महिला ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची. बाद में वह जींद के एसपी कुलदीप सिंह से मिलने भी पहुंची.
पुलिस ने एफआईआर की प्रक्रिया शुरू की
पुलिस ने महिला को गोहाना में एफआईआर दर्ज कराने के लिए कहा है. आरोपी व्यक्ति आर्ट ग्लास का काम करता है. घटना के बाद बच्चे की तबीयत भी बिगड़ने की बात सामने आई है, जिससे परिवार में चिंता का माहौल है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है. यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.
कमलजीत संधू