हरियाणा के नूह जिले के तावडू नगर में रविवार को एक अनोखी और यादगार शादी का नजारा देखने को मिला. यहां एक बेटी अपनी ससुराल के लिए हेलीकॉप्टर से विदा हुई, जिसे देखने के लिए अनाज मंडी परिसर में भारी भीड़ उमड़ पड़ी. पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बन गई.
दुल्हन हेलीकॉप्टर से हुई रवाना
दरअसल, गुरुग्राम के कादरपुर निवासी दूल्हा रोहित डागर की बारात तावडू के जटवाड़ा मोहल्ले में पहुंची थी. यहां उनकी शादी देवेंद्र की पुत्री स्वाती से हुई. रविवार दोपहर करीब 11 बजे दुल्हन अपनी ससुराल के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना हुई. हेलीकॉप्टर तावडू अनाज मंडी परिसर में उतरा, जहां पूरी पुलिस व्यवस्था के साथ फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी तैनात रही.
पिता की तमन्ना पूरी की
दूल्हे रोहित डागर ने बताया कि उनके पिता की लंबे समय से तमन्ना थी कि बहू हेलीकॉप्टर से ससुराल पहुंचे. इस सपने को पूरा करते हुए उन्होंने अपनी जीवनसंगिनी को हेलीकॉप्टर से लेने का फैसला किया. उनके साथ चाचा और जीजा भी मौजूद रहे. रोहित ने खुशी जताते हुए कहा कि वे इस पल से बहुत खुश हैं.
दुल्हन स्वाती ने भी खुशी व्यक्त की. उन्होंने कहा कि वे खुद को भाग्यशाली मानती हैं, जिन्हें ऐसी ससुराल मिली है जो उन्हें हेलीकॉप्टर से विदा कर रही है. पूरा परिवार इस अनुभव से अभिभूत है और वे आगे भी सुखी जीवन की कामना करते हैं.
हेलीकॉप्टर देखने के लिए उमड़ी भीड़
इस मौके पर हेलीकॉप्टर को देखने के लिए आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग जमा हो गए. कई लोगों ने हेलीकॉप्टर के साथ फोटो खिंचवाई और इस अनोखे नजारे को कैद किया.
बता दें कि नूंह जिले में हेलीकॉप्टर से बारात आने या दुल्हन की विदाई का यह सिलसिला तेजी से बढ़ रहा है. इससे पहले भी तावडू में नट समाज की एक बेटी की हेलीकॉप्टर विदाई चर्चा में रही थी. जिले में बीते कुछ समय में कई ऐसी शादियां हो चुकी हैं, जहां उड़न खटोले का इस्तेमाल किया गया है. यह ट्रेंड अब सामाजिक स्तर पर एक नया चलन बनता जा रहा है, जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है.
aajtak.in