हरियाणा के मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह एक बार फिर विवादों में आ गए हैं. इस बार उनका हरियाणवी फोक सॉन्ग टटीरी विवाद की वजह बना है. इस गाने को लेकर हरियाणा राज्य महिला आयोग ने उन्हें नोटिस जारी किया है. आयोग ने बादशाह को समन भेजते हुए 13 मार्च को आयोग के सामने पेश होकर अपना पक्ष रखने के लिए कहा है.
दरअसल, इस गाने के कुछ बोल और वीडियो में दिखाई गई कुछ तस्वीरों को लेकर आपत्ति जताई गई है. शिकायतकर्ताओं का कहना है कि गाने में इस्तेमाल की गई शब्दावली आपत्तिजनक है और इससे महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचती है.
हरियाणा महिला आयोग ने बादशाह को भेजा समन
यह नोटिस पानीपत की सामाजिक संस्था नारी तू नारायणी की अध्यक्ष सविता आर्य और शिव आरती फाउंडेशन के प्रमुख शिव कुमार की शिकायत के आधार पर जारी किया गया है. दोनों ने महिला आयोग से इस मामले में कार्रवाई की मांग की थी. शिकायत में खासतौर पर गाने की एक लाइन आया बादशाह डोली चढ़ाने, इन सबकी घोड़ी बनाने पर आपत्ति जताई गई है. शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस तरह के बोल महिलाओं के प्रति गलत संदेश देते हैं और समाज में गलत असर डाल सकते हैं.
‘टटीरी’ गाने के बोल पर उठाई गई आपत्ति
इसके अलावा गाने के वीडियो को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं. शिकायत में कहा गया है कि वीडियो में स्कूल ड्रेस पहने नाबालिग बच्चियों को हरियाणा रोडवेज की बस पर चढ़कर नाचते हुए दिखाया गया है. वीडियो में बच्चियों को स्कूल बैग फेंकते हुए भी दिखाया गया है. शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस तरह का दृश्य बच्चों के लिए सही संदेश नहीं देता और इससे समाज में गलत उदाहरण पेश होता है.
इस मामले में रोहतक के एडवोकेट राज नारायण पंघाल ने भी राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग को शिकायत भेजी है. उनका कहना है कि वीडियो में नाबालिग बच्चियों को जिस तरह से दिखाया गया है, वह बच्चों के अधिकारों और उनकी गरिमा से जुड़ा मामला है. इसलिए इसकी जांच जरूरी है.
वीडियो में स्कूल ड्रेस में बच्चियों को दिखाने पर विवाद
पूरे विवाद को लेकर सहारण खाप ने भी आपत्ति दर्ज करवाई है. खाप का कहना है कि हरियाणवी संस्कृति और समाज से जुड़े गीतों में इस तरह की भाषा और दृश्य नहीं होने चाहिए. अब इस पूरे मामले में सभी की नजर 13 मार्च पर है, जब बादशाह को हरियाणा राज्य महिला आयोग के सामने पेश होकर अपना पक्ष रखना होगा. आयोग के सामने उनकी सफाई और पूरे मामले की सुनवाई के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.
कमलजीत संधू