गुजरात के सूरत शहर में पुलिस ने अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मोटा वराछा इलाके की एक होटल में चल रहे देह व्यापार के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. उत्राण थाना पुलिस ने छापेमारी के दौरान दो विदेशी युवतियों को रेस्क्यू किया और होटल संचालक समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया. यह कार्रवाई शहर में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई.
दरअसल, उत्राण पुलिस को सूचना मिली थी कि मोटा वराछा स्थित तुलसी आर्केड के ‘होटल सिटी पैलेस’ में लंबे समय से देह व्यापार का अवैध कारोबार चल रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और होटल पर अचानक छापा मारा. जांच में सामने आया कि होटल में विदेशी युवतियों को बुलाकर ग्राहकों को अनैतिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही थीं. मौके से पुलिस ने मुख्य संचालक जोनील उर्फ जेडी दिलीप केवडिया, दीक्षित गोहिल और कौशिक मकवाना को गिरफ्तार किया.
यह भी पढ़ें: सूरत: 10 साल तक मां बनकर पाला, उसी नाती ने कर दिया 70 साल की नानी का मर्डर, जानें वजह
इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ग्राहक के रूप में मौजूद निकुल सुतरिया (वीजा कंसल्टेंट) और रोहित मेदपरा (टेक्सटाइल व्यापारी) को भी हिरासत में लिया. छापेमारी के दौरान होटल परिसर से मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल 1.8 लाख रुपये का मुद्दामाल जब्त किया गया. रेस्क्यू की गई दोनों विदेशी युवतियों को सुरक्षित स्थान पर भेजकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
मुख्य आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी जोनील उर्फ जेडी एक आदतन अपराधी है. उसके खिलाफ पहले भी सूरत के कापोद्रा, सरथाणा और उत्राण पुलिस स्टेशनों में देह व्यापार से जुड़े कई मामले दर्ज हो चुके हैं. कई बार जेल जाने और पुलिस कार्रवाई के बावजूद उसने फिर से इसी अवैध कारोबार को शुरू कर दिया था.
फिलहाल उत्राण पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जांच तेज कर दी है. पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क के तार अन्य स्थानों से भी जुड़े हो सकते हैं, जिसकी जांच जारी है.
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर कार्रवाई
सूरत पुलिस के डीसीपी (जोन-5) लखधीर सिंह झाला ने बताया कि पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत के निर्देश पर शहर में असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है. विशेष रूप से अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम (ITPA) के तहत होने वाली गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.
इन्हीं निर्देशों के आधार पर उत्राण पुलिस सक्रिय रूप से काम कर रही थी और सूचना मिलते ही ‘सिटी पैलेस’ होटल पर छापा मारा गया. अनैतिक गतिविधियों की पुष्टि होने पर आरोपियों के खिलाफ इम्मोरल ट्रैफिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया. मामले की आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है.
संजय सिंह राठौर