गुजरात के राजकोट से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है. यहां एक चाचा ने अपनी ही नाबालिग भतीजी को अपनी हवस का शिकार बनाया और करीब पांच महीने तक उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाता रहा. अपने अपराध को छिपाने के लिए वह नाबालिग को गर्भनिरोधक गोलियां भी देता था ताकि वह गर्भवती न हो सके. इस मामले में पीड़िता के पिता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के अनुसार आरोपी की पत्नी लंबे समय से उससे नाराज थी और अपने चार बच्चों के साथ अलग रह रही थी. पत्नी के घर छोड़कर जाने के बाद आरोपी अकेला रह रहा था. इसी दौरान उसने अपनी भतीजी पर बुरी नजर डाली और उसे बहला-फुसलाकर तथा धमकाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने लगा.
बताया जा रहा है कि आरोपी पिछले करीब पांच महीनों से नाबालिग के साथ यह अपराध कर रहा था. इस दौरान वह उसे गर्भधारण से बचाने के लिए नियमित रूप से गर्भनिरोधक गोलियां भी देता था. आरोपी ने नाबालिग को धमकी दी थी कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया तो वह उसे जान से मार देगा. डर की वजह से पीड़िता लंबे समय तक चुप रही.
पेट दर्द के बाद खुला राज, परिवार को पता चली सच्चाई
मामले का खुलासा तब हुआ जब नाबालिग के पास से गर्भनिरोधक गोलियां मिलीं. परिवार के लोगों ने जब उससे इस बारे में पूछताछ की तो पहले वह डर के कारण कुछ नहीं बोली. बाद में परिवार के लगातार पूछने पर उसने पूरी घटना बता दी. उसने बताया कि उसके चाचा ही उसे ये गोलियां देते थे और पिछले कई महीनों से उसके साथ जबरदस्ती कर रहे थे.
इसी बीच नाबालिग को पेट में दर्द की शिकायत होने लगी. इसके बाद परिवार उसे डॉक्टर के पास लेकर गया. डॉक्टर से जांच के दौरान भी कई सवाल सामने आए और परिवार को पूरे मामले का शक हुआ. दोबारा पूछताछ करने पर नाबालिग ने बताया कि उसका चाचा ही उसे गर्भनिरोधक गोलियां देता था और पिछले पांच महीनों से उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बना रहा था.
दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत राजकोट में दर्ज हुआ मामला
परिवार को जब इस घटना की सच्चाई पता चली तो पीड़िता के पिता ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद राजकोट के बी डिवीजन पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने शिकायत मिलते ही आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
ब्रिजेश दोशी