टेक्नोलॉजी के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. अब ठग लोगों को फंसाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं. ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां एक शातिर गिरोह ने एक महिला बैंक कर्मचारी को घर खरीदने के नाम पर 40 लाख 48 हजार रुपये का चूना लगा दिया.
यह घटना मणिनगर की है, जहां रहने वाली 55 वर्षीय महिला एक सरकारी बैंक में विशेष सहायक के रूप में कार्यरत हैं. महिला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए ठगी का शिकार हुईं. 10 फरवरी को उन्हें विशाल लंदन नाम की एक आईडी से मैसेज मिला.
घर खरीदने के नाम पर ठगी
मैसेज करने वाले शख्स ने खुद को महिला के चचेरे भाई अभिनव का दोस्त बताया. उसने दावा किया कि वह लंदन में अभिनव के साथ पढ़ाई कर रहा है और वहीं एक कार शोरूम में काम करता है. बातचीत के दौरान उसने महिला का भरोसा जीतने की कोशिश की और धीरे-धीरे उनसे नजदीकी बढ़ा ली.
इसी दौरान उसने महिला को बताया कि वह भारत में एक घर खरीदना चाहता है क्योंकि वह यहां अपना बिजनेस शुरू करने की योजना बना रहा है. संयोग से महिला भी अपना घर बेचना चाहती थीं. ऐसे में दोनों के बीच 2 करोड़ रुपये में घर खरीदने की डील तय हो गई. आरोपी ने महिला को भरोसा दिलाने के लिए कहा कि वह 2 मार्च को लंदन से मुंबई आ रहा है और उसने टिकट भी भेज दी.
विश्वास बढ़ाने के लिए आरोपी ने महिला को व्हाट्सएप के जरिए अपनी फ्लाइट टिकट, पासपोर्ट की कॉपी और वीजा फॉर्म भी भेजा. इसके बाद उसने एक नई कहानी बनाई और कहा कि उसका भारत में कोई बैंक खाता नहीं है. उसने बताया कि 2 करोड़ रुपये को डॉलर से बदलने के लिए 80 लाख रुपये का जीएसटी देना होगा.
आरोपी ने महिला को यकीन दिलाया कि जैसे ही टैक्स जमा हो जाएगा, वह भारत आकर घर की पूरी रकम चुका देगा. इसी बहाने उसने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए महिला से कुल 40.48 लाख रुपये ले लिए. इस दौरान उसने चालाकी से चैट भी डिलीट कर दी ताकि महिला के पति को इस बारे में कोई जानकारी न मिल सके.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
कुछ समय बाद जब महिला को इस पूरे मामले में शक हुआ, तो उन्होंने साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इस घटना ने एक बार फिर यह दिखा दिया है कि सोशल मीडिया के जरिए होने वाली ठगी कितनी खतरनाक हो सकती है.
ब्रिजेश दोशी