शिकार छोड़कर बच्चे के पीछे दौड़ पड़ा बब्बर शेर, पूरे गांव में मच गई अफरा-तफरी, Video

गुजरात के जूनागढ़ में उस वक्त दहशत फैल गई, जब गिर जंगल के पास एक एशियाई बब्बर शेर अचानक शिकार छोड़कर एक बच्चे के पीछे दौड़ पड़ा. गांव में मौजूद लोगों ने देखा तो कुछ पलों के लिए सांसें थम गईं. हालांकि बच्चा समय रहते सुरक्षित अपने घर में घुस गया और बड़ा हादसा टल गया.

Advertisement
वन क्षेत्र के आसपास गांवों में अक्सर दिख जाते हैं बब्बर शेर. (Photo: Screengrab) वन क्षेत्र के आसपास गांवों में अक्सर दिख जाते हैं बब्बर शेर. (Photo: Screengrab)

भार्गवी जोशी

  • जूनागढ़,
  • 24 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 4:28 PM IST

गुजरात के जूनागढ़ जिले में गिर जंगल के पास एक गांव में उस वक्त दहशत फैल गई, जब एशियाई बब्बर शेर अचानक अपना शिकार छोड़कर एक बच्चे के पीछे दौड़ पड़ा. घटना इतनी अचानक हुई कि कुछ पलों के लिए पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. गनीमत रही कि बच्चा समय रहते सुरक्षित अपने घर में घुस गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.

Advertisement

यह घटना रतांग गांव की है, जो गिर वन क्षेत्र के नजदीक स्थित है. स्थानीय लोगों के अनुसार, देर शाम एक बब्बर शेर जंगल से निकलकर गांव के आसपास घूम रहा था. गर्मी और भोजन की तलाश के कारण शेर अक्सर जंगल से बाहर आकर खुले इलाकों में मवेशियों का शिकार करते हैं. उसी दौरान शेर ने एक मवेशी का शिकार किया था और वह उसे खा ही रहा था कि गांव में लोगों की भीड़ जुटने लगी.

यहां देखें Video

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शेर को देखने के लिए कुछ ग्रामीण और बच्चे भी मौके पर पहुंच गए. शोर-शराबा बढ़ने और भीड़ जमा होने से शेर आक्रामक हो गया. 

इसी दौरान शेर ने भीड़ में मौजूद एक बच्चे को दौड़ाना शुरू कर दिया. यह देखकर वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई. बच्चा अपनी जान बचाने के लिए तेजी से दौड़ते हुए पास की गली में अपने घर की ओर भागा और दरवाजा बंद कर लिया. बच्चा सुरक्षित बच गया, लेकिन इस घटना ने पूरे गांव में दहशत का माहौल पैदा कर दिया.

Advertisement

यह भी पढ़ें: रात का वक्त, रोशनी और श्मशान घाट... अचानक दिखा शेरों का झुंड तो मच गई अफरा-तफरी, Video

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि शेर गांव में मौजूद है, शिकार कर रहा है और कुछ लोग भी नजर आ रहे हैं. विशावदर रेंज के वन अधिकारियों के अनुसार, गिर जंगल क्षेत्र में बब्बर शेरों की अच्छी खासी आबादी है और यह क्षेत्र दुनिया में एशियाई शेरों का एकमात्र प्राकृतिक आवास माना जाता है. अधिकारी ने बताया कि गर्मियों के दौरान पानी और भोजन की तलाश में शेर अक्सर गांवों के नजदीक आ जाते हैं.

वन विभाग के अनुसार, इस घटना में शेर ने पहले मवेशी का शिकार किया था और बाद में भीड़ और शोर के कारण वह अस्थिर हो गया और बच्चे की ओर दौड़ पड़ा. हालांकि उसने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया और कुछ देर बाद वह वापस जंगल की ओर चला गया.

वन विभाग की टीम ने पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से अपील की है कि जंगली जानवरों के करीब जाकर भीड़ न लगाएं. स्थानीय लोगों का कहना है कि गिर जंगल से सटे गांवों में अक्सर शेर दिखाई देते हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement