भारतीय टीम टी20 विश्वकप के फाइनल में पहुंच चुकी है. जहां अब 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारतीय टीम का अंतिम मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा. T20 विश्वकप का फाइनल मैच देखने के लिए देश के कई इलाकों से क्रिकेटप्रेमी अहमदाबाद पहुंचेंगे.
आमतौर पर विश्वकप के फाइनल से पहले हवाई यात्रा महंगी हो जाती है. ट्रेनों में टिकट नहीं मिल पाता है. लेकिन कई क्रिकेटप्रेमी विश्वकप का फाइनल मुकाबला देखने कई किलोमीटर की दूरी तय कर लेते हैं, खासकर तब जब भारतीय टीम फाइनल में ट्रॉफी उठाने से एक कदम की दूरी पर हो.
ऐसे में भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले फाइनल मुकाबले को ध्यान में रखकर पश्चिम रेलवे ने मुंबई सेंट्रल और अहमदाबाद के बीच विशेष किराये पर 2 सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है.
क्रिकेटप्रेमी सरलता से यात्रा कर सकें, इस उद्देश्य से भारतीय रेल द्वारा स्पेशल ट्रेन चलाई जाती है, ताकि अचानक बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करके लोगों के लिए सुविधाजनक यात्रा का आयोजन हो सके.
ये चलेंगी स्पेशल ट्रेन
ट्रेन संख्या 09027/09028 मुंबई सेंट्रल – अहमदाबाद एसी सुपरफास्ट तेजस स्पेशल (2 फेरे)
ट्रेन संख्या 09027 मुंबई सेंट्रल – अहमदाबाद स्पेशल शनिवार, 07 मार्च 2026 को मुंबई सेंट्रल से 11:45 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन 08:30 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी. इसी प्रकार, ट्रेन संख्या 09028 अहमदाबाद – मुंबई सेंट्रल स्पेशल सोमवार, 09 मार्च 2026 को अहमदाबाद से 03:00 बजे प्रस्थान करेगी और उसी दिन 11:15 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी.
यह ट्रेन दोनों दिशाओं में बोरीवली, वापी, सूरत, भरूच और वडोदरा स्टेशनों पर ठहरेगी. इस ट्रेन में फर्स्ट एसी, एसी 2-टियर और एसी 3-टियर श्रेणी के कोच होंगे.
ट्रेन संख्या 09021/09022 मुंबई सेंट्रल – अहमदाबाद एसी सुपरफास्ट स्पेशल (2 फेरे)
ट्रेन संख्या 09021 मुंबई सेंट्रल – अहमदाबाद स्पेशल रविवार, 08 मार्च 2026 को मुंबई सेंट्रल से 06:20 बजे प्रस्थान करेगी और उसी दिन 12:40 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी.
इसी प्रकार, ट्रेन संख्या 09022 अहमदाबाद – मुंबई सेंट्रल स्पेशल रविवार, 08 मार्च 2026 को अहमदाबाद से दोपहर 3:10 बजे प्रस्थान करेगी और उसी दिन 9:45 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी.
यह ट्रेन दोनों दिशाओं में बोरीवली, वापी, सूरत, भरूच और वडोदरा स्टेशनों पर ठहरेगी. इस ट्रेन में विस्टाडोम, एग्जीक्यूटिव अनुभूति, एग्जीक्यूटिव चेयर कार तथा एसी चेयर कार कोच होंगे.
ट्रेन संख्या 09027-09028 की बुकिंग 06.03.2026 से होगी. वहीं, ट्रेन संख्या 09021-09022 की बुकिंग 07.03.2026 से सभी पीआरएस काउंटरों और आईआरसीटीसी वेबसाइट पर शुरू होगी.
अतुल तिवारी