गुजरात में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय होने से मौसम अचानक बदल गया है. राज्य के कई हिस्सों में बेमौसम बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि देखने को मिली है. अगले 48 घंटों के लिए मौसम विभाग ने गरज के साथ बारिश और तूफान की संभावना जताई है.
कच्छ इलाके में बारिश के साथ ओले भी गिरे हैं. वहीं रापर में भी ओलावृष्टि के साथ बारिश हुई है. लखपत तालुका में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई है. लखपत के एकतानगर और दयापर में भी बारिश हुई है. देर रात से ही राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिला, जहां तेज हवाओं ने नुकसान भी पहुंचाया है.
कच्छ और रापर में ओलावृष्टि के साथ बारिश
मौसम विभाग के अनुसार आज भी कई इलाकों में छिटपुट बारिश जारी रह सकती है. कच्छ, द्वारका और पोरबंदर में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चलने का भी अनुमान जताया गया है. आज कच्छ, जामनगर, राजकोट, मोरबी, पोरबंदर, जूनागढ़, गिर सोमनाथ, दीव, अमरेली, बनासकांठा, साबरकांठा और पाटन में ओलावृष्टि के साथ बारिश हो सकती है.
अगले 48 घंटों में कई जिलों में बारिश की संभावना
वहीं 20 तारीख को बनासकांठा, साबरकांठा, अरावली, महिसागर, पंचमहल, दाहोद, छोटा उदयपुर, कच्छ, अमरेली और भावनगर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान है. बेमौसम बारिश से किसान चिंतित हैं. वहीं मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.
बता दें, राजकोट में भी अचानक बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं ने हालात बिगाड़ दिए. एक घंटे चली बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया, पेड़ और बिजली के पोल गिर गए. अमीन मार्ग पर ट्रांसफॉर्मर फटने की घटना भी हुई. तेज हवाओं से मंडप और सोलर पैनल उखड़ गए
ब्रिजेश दोशी / रौनक मजीठिया