गुजरात के भावनगर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेम संबंध के शक में एक युवक ने अपने ही चचेरे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी. यह वारदात दो दिन पहले भावनगर शहर के पास स्थित मालणका गांव में हुई.
मृतक की पहचान 21 साल के राधेश बारैया के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, राधेश घर से निकलने के कुछ ही समय बाद परिवार को फोन आया कि वह मालणका-अवनिया रोड के पास एक खेत में बेहोश पड़ा है. परिजन मौके पर पहुंचे और उसे गांव लाकर तत्काल सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे.
सुलह के बहाने खेत में बुलाया, लाठी और भारी वस्तु से हमला
इस मामले में मृतक के भाई ने गांव के ही तीन लोगों राहुल बारैया, जयेश बारैया और मनोज बारैया के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस जांच में सामने आया है कि राहुल ने सुबह करीब 9 बजे राधेश को फोन कर सुलह की बात कहकर खेत में बुलाया. वहां राहुल और मनोज उसे लेकर पहुंचे,जहां पहले से मौजूद जयेश के साथ बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और तीनों आरोपियों ने लाठी और भारी वस्तु से राधेश पर हमला कर दिया.
प्रेम संबंध को लेकर था विवाद, पहले भी मिल चुकी थी धमकी
हमले में राधेश के सिर में गंभीर चोटें आईं और हेमरेज के कारण उसकी मौत हो गई. एएसपी घनश्याम गौतम के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक का एक युवती से प्रेम संबंध था, जिसे लेकर आरोपियों को आपत्ति थी. जयेश, जो मृतक का चाचा का बेटा है, उसने पहले भी उसे धमकी दी थी और एक बार समझौता भी हुआ था.
गिरफ्तार आरोपियों में राहुल बारैया भारतीय सेना में कार्यरत बताया जा रहा है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि राहुल छुट्टी पर कब आया था और क्या इस हत्या की पहले से साजिश रची गई थी. फिलहाल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है.
ब्रिजेश दोशी