नेता विपक्ष राहुल गांधी पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ा हमला बोला है. अमित शाह ने कांग्रेस पर किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाया. उन्होंने राहुल गांधी को खुला चैलेंज दिया है कि वो बीजेपी युवा मोर्चा के अध्यक्ष के साथ खुले मंच पर बात कर सकते हैं.
अमित शाह गुजरात में देश की पहली सेंट्रल बैंक डिजिटल मुद्रा-आधारित सार्वजनिक वितरण प्रणाली का उद्घाटन करने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस झूठ बोलती है और राहुल गांधी भी ट्रेड डील को लेकर जनता से झूठ बोल रहे हैं.
गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार और उनका नेतृत्व हमेशा झूठ बोलकर जनता को गुमराह करता है. कांग्रेस के शहजादे राहुल गांधी देश की संसद में किसानों की बात करते हैं. आपने किसानों का कितना अनाज UPA के 10 साल में खरीदा? हमने आपसे 15 गुना ज्यादा अनाज MSP पर खरीदा.
किसानों के लिए बजट को लेकर घेरा
अमित शाह ने आगे दावा किया, 'UPA के समय किसानों का बजट 26 हजार करोड़ था, जिसे मोदी जी 1 लाख 29 हजार करोड़ तक बढ़ाने का काम किया. आपने 70 साल में एक बार लोन माफी का झुनझुना पकड़ाकर किसानों को गुमराह करने का काम किया. मोदी जी 10 साल से हर किसान के बैंक खाते में 6 हजार रुपये भेजते हैं, ताकि लोन लेने की नौबत ना आए.'
यह भी पढ़ें: 'UPA ने बेचे थे किसानों के हित, हमने दिया सुरक्षा कवच', ट्रेड डील को लेकर अमित शाह का राहुल पर पलटवार
ट्रेड डील पर दिया राहुल गांधी को ओपन चैलेंज
केंद्रीय मंत्री ने अमेरिका के साथ भारत की ट्रेड डील को लेकर भी बात की. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी यूरोपीय संघ और अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील को किसानों के हितों के खिलाफ बताकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं. शाह ने कहा, 'मैं राहुल गांधी जी को चैलेंज करता हूं कि कोई भी मंच तय कर लें, बीजेपी युवा मोर्चा के अध्यक्ष आकर आपसे चर्चा कर लेंगे कि नुकसान किसने किया.'
'राहुल गांधी झूठ बोल रहे हैं...'
अमित शाह ने आगे कहा कि मैं इस मंच से देश के किसानों को आश्वस्त करना चाहता हूं. मैं आज इस मंच से किसानों को कह रहा हूं कि राहुल गांधी किसानों से झूठ बोल रहे हैं, मोदी जी ने दोनों ट्रेड डील से किसानों को सुरक्षित रखा है. ये डेयरी की भूमि है और राहुल गांधी इसके बारे में झूठ बोल रहे हैं. पशुपालक, मछुआरों और किसानों को मैं आश्वस्त करना चाहता हूं कि बीजेपी सरकार में आपके हितों से कोई समझौता नहीं होगा.
ब्रिजेश दोशी