IPL मैच देखने नहीं, मोबाइल चोरी करने फ्लाइट से पहुंचे चोर, ट्रैकिंग से बचने के लिए अपनाते थे ये तरीका

अहमदाबाद में आईपीएल मैच के दौरान मोबाइल चोरी करने आए गैंग का पुलिस ने भंडाफोड़ किया. झारखंड से फ्लाइट से आए दो आरोपियों को 21 मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया गया. गैंग भीड़भाड़ वाले इलाकों में चोरी करता था और सिल्वर फॉइल से फोन छिपाकर ट्रैकिंग से बचता था.

Advertisement
फोन चुराने वाले गैंग के दो आरोपी अरेस्ट (Photo: Brijesh Doshi/ITG) फोन चुराने वाले गैंग के दो आरोपी अरेस्ट (Photo: Brijesh Doshi/ITG)

ब्रिजेश दोशी

  • अहमदाबाद ,
  • 09 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 11:17 PM IST

अहमदाबाद में आईपीएल मैच के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी करने वाले एक हाईटेक गैंग का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. यह गिरोह मैच देखने नहीं बल्कि दर्शकों को निशाना बनाकर मोबाइल चोरी करने के इरादे से फ्लाइट से अहमदाबाद पहुंचा था. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 21 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.

Advertisement

अहमदाबाद के जोन-3 की डीसीपी रूपल सोलंकी की टीम ने इस पूरे गिरोह का खुलासा किया. पुलिस के अनुसार यह गिरोह अलग-अलग राज्यों के भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल चोरी करता था. खासकर आईपीएल जैसे बड़े आयोजनों के दौरान ये लोग सक्रिय हो जाते थे, जहां बड़ी संख्या में लोग एक जगह इकट्ठा होते हैं.

पुलिस ने 4 अप्रैल को हुए आईपीएल मैच के बाद कालूपुर रेलवे स्टेशन से रघु महतो और विक्रम महतो को गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान उनके पास से 21 मोबाइल फोन बरामद किए गए. इसके साथ ही उनके पास से आधार कार्ड, एयरलाइन टिकट और अन्य कीमती सामान भी मिला.

पुलिस जांच में सामने आया कि रघु महतो इस गिरोह को संचालित करता था. वह पहले भी मोबाइल चोरी के मामले में पुलिस के रडार पर था. 16 फरवरी को पुलिस ने उसके भाई अमित मोहंती को गिरफ्तार किया था, लेकिन उस समय रघु फरार हो गया था. तब से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी और अब उसे चोरी के सामान के साथ पकड़ने में सफलता मिली है.

Advertisement

भीड़भाड़ वाले इलाकों में करते थे चोरी

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी झारखंड से फ्लाइट से अहमदाबाद आए थे. इसके अलावा ये लोग बेंगलुरु भी गए थे, जहां उन्होंने चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर से मैच के दौरान मोबाइल चोरी किए थे. अहमदाबाद में भी उन्होंने मैच से पहले दो मोबाइल चुराए थे. इस गैंग के साथ एक नाबालिग लड़का भी शामिल था, जो फिलहाल फरार है. पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है. जांच में यह भी सामने आया कि यह गिरोह एक बार में 20 से 25 मोबाइल चोरी करता था और फिर अपने गांव लौटकर उन्हें बेच देता था. कई बार ये लोग मुंबई जाकर भी चोरी के मोबाइल सस्ते दामों में बेचते थे.

चोरी के बाद ये लोग मोबाइल को सिल्वर फॉइल में लपेट देते थे. उनका मानना था कि इससे फोन का सिग्नल ब्लॉक हो जाएगा और उसे ट्रैक करना मुश्किल हो जाएगा. इसके अलावा जो मोबाइल अनलॉक मिलते थे, उनमें से ये लोग पैसे भी ट्रांसफर कर लेते थे. जांच में सामने आया कि बरामद किए गए 21 मोबाइल अलग-अलग जगहों से चोरी किए गए थे. इनमें अहमदाबाद, बेंगलुरु, आणंद, मेहसाणा और अडालज जैसे इलाके शामिल हैं. एक मोबाइल कालूपुर रेलवे स्टेशन से भी चोरी किया गया था.

सिल्वर फॉइल में लपेटकर छुपाते थे मोबाइल

पुलिस के अनुसार गिरोह भीड़भाड़ वाली जगहों को ही निशाना बनाता था. खासकर आईपीएल मैच के दौरान मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास का इलाका इनके लिए आसान टारगेट होता था, जहां एक साथ बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं. इसके अलावा गीता मंदिर बस स्टैंड जैसे स्थान भी इनके निशाने पर रहते थे. चोरी करने का तरीका भी काफी शातिराना था. गिरोह नाबालिग लड़कों का इस्तेमाल करता था. उन्हें सिखाया जाता था कि भीड़ में कैसे बिना किसी को शक हुए मोबाइल निकालना है. जैसे ही बस या मेट्रो में एक साथ 25 से 100 लोग चढ़ते या उतरते थे, उसी दौरान ये लोग अपने शिकार को निशाना बनाते थे.

Advertisement

चोरी की पूरी प्रक्रिया तीन चरणों में होती थी. सबसे पहले एक व्यक्ति मोबाइल निकालता था, फिर उसे तुरंत दूसरे साथी को दे देता था. इसके बाद वह दूसरा व्यक्ति कुछ दूरी पर खड़े तीसरे व्यक्ति को फोन दे देता था. इस तरह अगर किसी एक को पकड़ा भी जाए, तो उसके पास मोबाइल नहीं मिलता था. मेहसाणा से चोरी किए गए दो मोबाइल अनलॉक थे, जिनका फायदा उठाकर आरोपियों ने तुरंत उनमें गूगल पे ऐप डाउनलोड कर लिया. चूंकि सिम कार्ड एक्टिव था, इसलिए उन्हें ओटीपी मिल गया और उन्होंने खाते से पैसे ट्रांसफर कर लिए. इस तरह ये लोग साइबर अपराध भी कर रहे थे.

अनलॉक फोन से करते थे पैसे ट्रांसफर

पुलिस के अनुसार अब तक इस मामले में 12 केस दर्ज किए जा चुके हैं और बाकी मोबाइल मालिकों से संपर्क कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. यह मामला दिखाता है कि किस तरह अपराधी नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है और फरार नाबालिग की तलाश जारी है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement