पीपल के पेड़ पर लटकी कार देख सहम गए लोग, ड्राइवर भी नहीं मिला, देखें CCTV वीडियो

उत्तरी दिल्ली के अलीपुर इलाके में बीती रात एक ऐसा सड़क हादसा हुआ, जिसकी तस्वीरें देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं. रफ्तार का जुनून इस कदर हावी था कि एक कार बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे पेड़ पर जा लटकी.

Advertisement
हादसे के बाद पेड़ पर लटकी और फिर नाले में गिरी कार.(Photo:Screengrab) हादसे के बाद पेड़ पर लटकी और फिर नाले में गिरी कार.(Photo:Screengrab)

राजेश खत्री

  • उत्तरी दिल्ली,
  • 22 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 12:54 PM IST

उत्तरी दिल्ली के अलीपुर थाना इलाके से एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है. जहां बीती रात तेज रफ्तार टैक्सी कार ने बाइक सवार को उड़ा दिया.  पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई. तस्वीरें ऐसी, जैसे कोई फिल्मी सीन चल रहा हो.

बख्तावरपुर गांव का यह मामला है. जहां रफ्तार का कहर इस कदर टूटा कि कुछ ही सेकंड में सब कुछ तबाह हो गया. तेज रफ्तार टैक्सी नंबर ऑरा कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. 

Advertisement

CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि टक्कर के बाद कार हवा में उछलती है और सड़क किनारे खड़े पीपल के पेड़ पर जाकर लटक जाती है. ये मंजर किसी एक्सीडेंट से ज्यादा किसी एक्शन फिल्म का सीन लगता है. लेकिन हकीकत में ये रफ्तार और लापरवाही का खौफनाक अंजाम है.

जानकारी के मुताबिक, कार पल्ला गांव की तरफ से बख्तावरपुर की ओर जा रही थी. इसी दौरान अकबरपुर माजरा का रहने वाला युवक बाइक से अपने घर लौट रहा था. गढ़ी टांडा के कब्रिस्तान के सामने अचानक तेज रफ्तार कार का बैलेंस बिगड़ा. कार रॉन्ग साइड में पहुंची और सीधे बाइक सवार से जा टकराई.

हादसे के बाद बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरा. स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को संभाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. बताया जा रहा है कि बाइक सवार की हालत गंभीर बनी हुई है.

Advertisement

सूचना मिलते ही अलीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पेड़ से लटकी कार को क्रेन की मदद से नीचे उतरवाया गया. क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर थाने ले जाया गया. बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया. देखें VIDEO:- 

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. CCTV फुटेज के आधार पर फरार ड्राइवर की तलाश जारी है. ये हादसा एक बार फिर सवाल खड़े करता है. क्या रफ्तार पर लगाम नहीं लगेगी और कब तक सड़कें ऐसे ही मौत का मैदान बनती रहेंगी? 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement