बीजेपी सांसद परवेश वर्मा की चुनौती के बाद दिल्ली जलबोर्ड के डायरेक्टर (क्वालिटी कंट्रोल) संजय शर्मा ने रविवार को यमुना के पानी से स्नान किया. इतना ही नहीं, उन्होंने जिस पानी से स्नान किया उसमें रसायन मिला हुआ था. इसके बाद DJB के डायरेक्टर संजय शर्मा ने कहा कि यमुना का पानी स्वच्छ है, ज़हरीला नहीं है.
दरअसल, शुक्रवार को बीजेपी सांसद परवेश वर्मा ने जल बोर्ड के अधिकारी संजय शर्मा को फटकार लगाते हुए यमुना के पानी में नहाने की चुनौती दी थी. इसके साथ ही बीजेपी की ओर से लगातार आरोप लगाया जा रहा था कि यमुना के पानी में से झाग को हटाने के लिए ज़हरीले रसायन का छिड़काव किया जा रहा है.
दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारी संजय शर्मा ने कालिंदी कुंज के यमुना घाट पर स्नान किया. इसके बाद उन्होंने कहा कि यमुना के पानी का BOD लेवल 12-13 है. जबकि TSS 20 के नीचे है, फास्फेट 0.1 और डिसोल्वड ऑक्सीजन 7.0 से ज़्यादा है. लिहाजा यमुना नदी का पानी स्वच्छ है. लोग बेझिझक होकर यहां डुबकी लगा सकते हैं.
दिल्ली जलबोर्ड ने दर्ज कराई थी BJP MP के खिलाफ शिकायत
इससे पहले शनिवार को DJB अधिकारी संजय शर्मा ने BJP सांसद के खिलाफ़ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में कहा गया था कि 28 अक्टूबर संजय शर्मा जो कि दिल्ली जल बोर्ड में ट्रीटमेंट क्वालिटी कंट्रोल के डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं, ओखला बैराज कालिंदी कुंज पर ड्यूटी पर थे और यमुना में एन्टी फोमिंग केमिकल का छिड़काव करा रहे थे. उस दौरान सांसद परवेश वर्मा और तजिंदर बग्गा अपने कुछ अन्य साथियों के साथ वहां आए और उन्हें ड्यूटी करने से रोका, डराया-धमकाया और दुर्व्यवहार किया. घटना का वीडियो वहां मौजूद कुछ लोगों ने रिकॉर्ड किया और उसे कई न्यूज़ चैनल पर प्रसारित भी किया गया.
क्या है मामला?
बीजेपी सांसद परवेश वर्मा का एक वीडियो पिछले दिनों वायरल हुआ था. वीडियो में परवेश वर्मा दिल्ली जल बोर्ड के एक अधिकारी को फटकार लगाते दिख रहे थे. वायरल वीडियो में परवेश वर्मा कह रहे थे कि तेरे सिर पर डाल दूं ये केमिकल. तुम यहां केमिकल डाल दो, फिर लोग इसमें डुबकी लगाएंगे, ये मैं तेरे सिर पर डाल दूं? कर रहा है बकवास यहां पे, तू डुबकी लगा इसमें. यहां पे लोग आएंगे डुबकी लगाने, तू लगा के दिखा पहले. तुमने आठ साल में कोई ध्यान नहीं दिया, यहां पर लोग छठ मनाने आएंगे तो ये सब काम कर रहे हो, क्या बेशरम, घटिया आदमी है. यहां लोगों को मार रहे हो तुम, 8 साल में तुम कुछ साफ नहीं कर पाए. जब बीजेपी सांसद अधिकारी को फटकार लगा रहे थे तो जल बोर्ड के अधिकारी भी लगातार अपनी तरफ से सफाई पेश कर रहे थे. उनका कहना था कि जो केमिकल यमुना नदी में डाला जा रहा है वो US FDA द्वारा अप्रूव किया गया है. अधिकारी ने ये भी जानकारी दी कि National Mission for Clean Ganga की तरफ से भी इस केमिकल को मंजूरी दी गई है.
ये भी देखें
पंकज जैन