दिल्ली पुलिस ने पिछले 24 घंटों के दौरान राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में छापेमारी करके गैस सिलेंडर की जमाखोरी और अवैध रिफिलिंग करने वाले कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मुंडका में क्राइम ब्रांच ने एक गोदाम से 610 सिलेंडर जब्त किए हैं, जिनमें से 197 भरे हुए थे. गांधी नगर, शकरपुर, बवाना और रोहिणी में पुलिस ने रेड डालकर राम विलास शर्मा, योगेश गुप्ता और पुष्पेंद्र जैसे आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा है.
ये लोग घरेलू गैस सिलेंडर से छोटे सिलेंडरों में गैस ट्रांसफर कर महंगे दामों पर बेच रहे थे. मुंडका मामले में स्टॉक रिकॉर्ड में गड़बड़ी पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 7 के तहत केस दर्ज किया गया है.
पुलिस ने आरोपियों के पास से फिलिंग मशीनें और खाली-भरे सिलेंडर बरामद कर जांच शुरू कर दी है.
मुंडका में क्राइम ब्रांच की बड़ी रेड
मुंडका इलाके में क्राइम ब्रांच ने एक गोदाम पर छापा मारकर बड़ी सफलता हासिल की है. यहां से कुल 610 सिलेंडर बरामद हुए, जिनमें 197 भरे हुए और 392 खाली थे. इसके अलावा 21 छोटे सिलेंडर भी जब्त किए गए. गोदाम मालिक के पास केवल इंडेन के कॉमर्शियल सिलेंडर बेचने का लाइसेंस था, लेकिन वहां दूसरी कंपनियों के सिलेंडर भी मिले. स्टॉक रिकॉर्ड में भारी गड़बड़ी मिलने पर सख्त कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें: UP: सिलेंडर चुराकर भाग रहे चोरों को आ गई नींद, खेत में सोते वक्त ग्रामीणों ने पकड़ा
गांधी नगर और शकरपुर में गिरफ्तारी
गांधी नगर से पुलिस ने राम विलास शर्मा को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 9 भरे हुए सिलेंडर और फिलिंग मशीन मिली. वह घरेलू सिलेंडर से छोटे सिलेंडरों में गैस भरकर ऊंचे दामों पर बेच रहा था. वहीं, शकरपुर में योगेश गुप्ता को पकड़ा गया है. योगेश के पास से दो भरे हुए घरेलू सिलेंडर और पांच-पांच किलो के तीन छोटे सिलेंडर मिले हैं. वह बिना लाइसेंस अवैध तरीके से गैस रिफिलिंग का काम कर रहा था.
यह भी पढ़ें: 'ऐसे बनेंगे विश्वगुरु...', सिलेंडर के लिए लाइन में खड़े बच्चे ने ऐसा क्या कहा कि हो गया वायरल; देखें
बवाना और रोहिणी में भी एक्शन
बवाना में पुलिस ने गश्त के दौरान एक शख्स को अवैध रूप से गैस भरते हुए पकड़ा, जो महंगे दामों पर सिलेंडर बेच रहा था. रोहिणी इलाके में पुलिस ने पुष्पेंद्र नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. पुष्पेंद्र घरेलू गैस सिलेंडर से चोरी-छिपे कॉमर्शियल सिलेंडर में गैस ट्रांसफर कर रहा था. पुलिस ने सभी मामलों में सिलेंडर जब्त कर लिए हैं और आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.
हिमांशु मिश्रा