दिल्ली में बर्ड फ्लू के लगातार बढ़ रहे मामले को देखते हुए हाई कोर्ट में एक याचिका लगाई गई है और गाजीपुर मंडी में चिकन काटने पर रोक लगाने की मांग की गई है. इस मामले में गंभीरता का हवाला देते हुए याचिका पर जल्द सुनवाई की मांग की गई है. याचिका में कहा गया है कि अगर चिकन काटने पर रोक नहीं लगाई गई तो पूरी दिल्ली में बर्ड फ्लू खतरनाक स्तर तक फैल सकता है. अब इस मामले में दिल्ली हाई कोर्ट मंगलवार सुबह सुनवाई करेगा.
याचिका एनिमल राइट्स एक्टिविस्ट गौरी मौलेखी की तरफ से लगाई गई है. गौरी मौलेखी ने याचिका में आरोप लगाया है कि गाजीपुर मंडी में पशु अधिकारों का अंधाधुंध उल्लंघन और पशु कल्याण कानूनों का उल्लंघन हो रहा है. गाजीपुर के बाजार में खुलेआम मुर्गियों को क़ानून का उल्लंघन करके मारा जाता है.
फिलहाल इस याचिका में एक अर्जी लगाकर बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए कोर्ट से तुरंत स्लॉटरिंग बंद करने की दरख्वास्त की गई है. गाजीपुर की मुर्गा मंडी में ढाई लाख मुर्गियों को हर रोज मारा जाता है. याचिका में कहा गया है कि यह सीधे तौर पर नियमों का उल्लंघन है.
इसीलिए हाल ही में 3 दिसंबर 2020 को दिल्ली स्लॉटर हाउस मॉनिटरिंग कमेटी की रिपोर्ट की सिफारिशों को दिल्ली में तुरंत लागू किया जाए. तुरंत सुनवाई के लिए लगाई गई अर्जी में बर्ड फ्लू के लगातार बढ़ते खतरे को देखते हुए मुर्गियों को गाजीपुर मुर्गा मंडी में मारने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने की मांग की गई है.
दिल्ली स्लॉटरहाउस मॉनिटरिंग कमेटी की रिपोर्ट के अलावा एक सब कमेटी भी बनाई गई थी और इस कमेटी ने भी दिल्ली एग्रीकल्चर मार्केटिंग कमेटी को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा था कि गाजीपुर मुर्गा मंडी में मुर्गियों की खरीद-फरोख्त करने की इजाजत दी जाए. स्लॉटरिंग की इजाज़त नहीं दी जानी चाहिए.
दिल्ली हाई कोर्ट इस मामले में स्लॉटरिंग रोकने को लेकर कई दिशा-निर्देश जारी कर चुका है लेकिन अभी भी गाजीपुर मुर्गा मंडी में स्लॉटरिंग नहीं रुक पाई है.
दिल्ली में बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए केजरीवाल सरकार ने अगले 10 दिनों के लिए गाजीपुर मुर्गा मंडी बंद करने को कहा है. इसके अलावा दिल्ली सरकार ने कई और कदम उठाए हैं. राजधानी में खुले में मुर्गा बेचने पर पाबंदी लगा दी गई है. दिल्ली में जीवित पक्षियों के आयात को प्रतिबंधित कर दिया गया है. इसके अलावा सरकार ने पैकेज्ड और प्रोसेस्ड चिकन के आयात पर भी रोक लगा दी है.
पूर्वी दिल्ली का संजय झील पार्क बंद कर दिया गया है. यहां बड़ी संख्या में पक्षी आते हैं. इसके अलावा साउथ दिल्ली का हौज खास पार्क, साउथ वेस्ट दिल्ली के द्वारका सेक्टर 9 का पार्क और वेस्ट दिल्ली का हस्तसाल पार्क को भी पब्लिक की आवाजाही के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया है.
पूनम शर्मा