दिल्ली में बढ़ती गर्मी और हीट वेव को देखते हुए सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि मौजूदा हालात को ध्यान में रखते हुए सभी विभागों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं और सरकार इस स्थिति पर पूरी गंभीरता से काम कर रही है. मुख्यमंत्री के अनुसार, लेबर विभाग को साफ निर्देश दिए गए हैं कि जिन भी जगहों पर मजदूर काम कर रहे हैं, वहां उनके लिए दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक आराम सुनिश्चित किया जाए. इस दौरान मजदूरों को धूप से बचाने के लिए छाया की व्यवस्था, पीने के पानी की उपलब्धता और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी संबंधित नियोक्ता की होगी.
स्कूलों में बच्चों के लिए ORS और पानी की व्यवस्था
स्कूलों को भी पूरी तरह से तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं. बच्चों के लिए साफ पीने का पानी, पंखे, गर्मी से बचाव के इंतजाम और उचित कपड़ों पर ध्यान देने को कहा गया है. साथ ही यह भी निर्देश दिया गया है कि स्कूल से घर जाने से पहले हर बच्चे को ORS का घोल दिया जाए ताकि गर्मी के असर से बचाया जा सके. परिवहन विभाग को भी विशेष निर्देश दिए गए हैं. दिल्ली के सभी बस शेल्टर के पास पानी के काउंटर लगाए जाएंगे, जहां लोगों को ठंडा पीने का पानी उपलब्ध कराया जाएगा. इसके साथ ही ORS का घोल भी मुफ्त में दिया जाएगा, ताकि जरूरतमंद लोग इसका लाभ उठा सकें.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में बढ़ती हीट वेव को लेकर सरकार पूरी गंभीरता से काम कर रही है और सभी विभागों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं. मजदूरों के लिए दोपहर 1 से 4 बजे तक आराम जरूरी किया गया है और उनके लिए पानी और छाया की व्यवस्था नियोक्ता को करनी होगी. स्कूलों में बच्चों के लिए साफ पानी, पंखे और गर्मी से बचाव के इंतजाम होंगे, साथ ही घर जाने से पहले हर बच्चे को ORS दिया जाएगा. बस स्टॉप के पास ठंडा पानी और ORS मुफ्त में उपलब्ध रहेगा. अस्पतालों को पूरी तरह तैयार रखा गया है और सभी जरूरी दवाइयां और सुविधाएं मौजूद रहेंगी. पानी की सप्लाई भी सुचारू बनी रहेगी.
बस शेल्टर पर ठंडा पानी और ORS मुफ्त मिलेगा
इसके अलावा पानी की आपूर्ति को लेकर भी सरकार सतर्क है. सभी जल संसाधनों को सुचारू रूप से चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोगों को पानी की कोई कमी न हो. सरकार का कहना है कि हीट वेव के दौरान लोगों की सुरक्षा सबसे प्राथमिकता है. इसी को ध्यान में रखते हुए हर विभाग को अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए कहा गया है, ताकि गर्मी के इस दौर में किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके.
सुशांत मेहरा