दिल्ली पुलिस ने आईपीएल मैच के फर्जी टिकट छापकर बेचने के आरोप में पुलिस ने पांच लोगों को पकड़ा है. इनमें तीन नाबालिग शामिल हैं. बताया जा रहा है कि जहां-जहां आईपीएल मैच होते थे, वहां ये आरोपी पहुंचकर लोगों को फर्जी टिकट बेचते थे. पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर इस रैकेट का भंडाफोड़ कर दिया है. पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ में जुटी है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के पास से दिल्ली कैपिटल्स बनाम मुंबई इंडियंस टी20 क्रिकेट मैच के 80 फर्जी टिकट जब्त किए गए. पुलिस उपायुक्त (मध्य) संजय कुमार सेन ने बताया कि फर्जी टिकटों के बारे में पुलिस को सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस टीम सादे कपड़ों में अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम के पास पहुंची और वहां मैच के 24 टिकटों के साथ तीन लोगों को पकड़ लिया.
आरोपी बोले- जहां भी होता था मैच, वहां बेचते थे फर्जी टिकट
पुलिस ने बताया कि मुंबई के एक व्यक्ति को दिल्ली में क्रिकेट स्टेडियम के पास फर्जी टिकट बेचने के आरोप में पकड़ा गया. डीसीपी ने बताया कि जब आरोपी से पूछताछ की गई तो उसने खुलासा किया कि वह अपने दोस्तों के साथ उन शहरों में जाता था, जहां आईपीएल मैच होते हैं, वहां लोगों को फर्जी टिकट बेचते थे.
आरोपी ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि वह और उसके साथी पिछले कुछ सीजन से यह काम कर रहे हैं. पुलिस ने आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर उसके साथी विकास और अन्य तीन नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया, जो सभी मुंबई के रहने वाले हैं.
(एजेंसी)
हिमांशु मिश्रा