राजधानी दिल्ली के बदरपुर थाना क्षेत्र के मोलरबंद इलाके से आग लगने की दर्दनाक घटना सामने आई है. शनिवार शाम एक घर की छत पर बने वॉशरूम में अचानक आग लगने से वहां मौजूद 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से झुलस गईं. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मृतक महिला की पहचान वीनू सिंह के रूप में हुई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आग लगने के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
परिजनों के मुताबिक, घर की छत पर एक वॉशरूम बना हुआ था, जिसका इस्तेमाल मुख्य रूप से वीनू सिंह ही करती थीं. शनिवार शाम वे वॉशरूम गई थीं. इसी दौरान अचानक वॉशरूम के अंदर तेज आवाज आई और धुआं निकलने लगा. जब परिवार के लोग छत पर पहुंचे तो देखा कि वॉशरूम के अंदर बुजुर्ग महिला बुरी तरह झुलस चुकी थीं.
यहां देखें Video
परिवार के सदस्यों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मृतक महिला की बहू ने कहा- घर में गैस लीकेज हो रही थी
मृतका की बहू ममता सिंह ने कहा कि उनके घर में करीब दो महीने पहले पाइपलाइन गैस का कनेक्शन कराया गया था. उसी गैस लाइन में लीकेज की समस्या थी. मृतक महिला की बहू ममता सिंह ने कहा कि वॉशरूम छत पर बना हुआ है, जिसे हमारी सास इस्तेमाल करती थीं. वे शुगर की पेसेंट थीं.
वे कभी-कभी बीड़ी जला लेती थीं. आज शाम गैस पाइपलाइन में लीकेज था, उनको पता नहीं चला. पूरा वॉशरूम गैस से भरा था, लेकिन स्मेल नहीं आई, क्योंकि इसका स्मेल नहीं आता तो उनको पता नहीं चला. उन्होंने बीड़ी जलाई तो अचानक आग लग गई. यह पाइपलाइन की वजह से हुआ है.
आग लगने के सही कारणों की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आग गैस लीकेज के कारण लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी हो सकती है. पुलिस के अनुसार, अभी आग लगने के सही कारणों की पुष्टि नहीं हुई है. फोरेंसिक जांच और अन्य तकनीकी जांच के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो सकेगी.
आशुतोष कुमार