राउज एवेन्यू कोर्ट से राहत मिलने के बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शनिवार को कनॉट प्लेस स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर पहुंचे. उनके साथ पंजाब प्रभारी और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी थे. दोनों नेताओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बजरंग बली का आशीर्वाद लिया. इस दौरान सुनीता केजरीवाल, सत्येंद्र जैन, संजय सिंह, कुलदीप कुमार और दुर्गेश पाठक समेत पार्टी के कई नेता मौजूद रहे.
समर्थकों के बीच केजरीवाल
मंदिर पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में समर्थक भी वहां जुट गए. लोगों ने केजरीवाल से मुलाकात की, हाथ मिलाए और सेल्फी ली. कई महिलाओं ने उनके सिर पर हाथ रखकर दीर्घायु होने का आशीर्वाद दिया. समर्थकों का कहना था कि उन्हें फर्जी मामलों में फंसाया गया था और अदालत से मिली राहत से सच्चाई सामने आई है. कुछ लोगों ने यह भी कहा कि दिल्ली के लोग उन्हें आज भी अपना नेता मानते हैं.
'जनता, बजरंग बली और बाबा साहेब...'
मंदिर में दर्शन के बाद केजरीवाल ने कहा कि जनता, बजरंग बली और बाबा साहेब के संविधान की बदौलत उन्हें न्याय मिला है. उन्होंने सभी के जीवन में सुख-शांति और साहस की कामना की. वहीं मनीष सिसोदिया ने कहा कि जिन पर संकटमोचन हनुमान जी का आशीर्वाद होता है, उन्हें डराया या हराया नहीं जा सकता.
'बीजेपी को अब माफी मांग लेनी चाहिए'
इस मौके पर दुर्गेश पाठक ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को इस पूरे मामले पर आत्ममंथन करना चाहिए और यदि कहीं गलत हुआ है तो माफी मांगनी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक षड्यंत्र के तहत एजेंसियों का दुरुपयोग किया गया. कोर्ट से राहत के बाद मंदिर दर्शन को पार्टी ने आभार और विश्वास का प्रतीक बताया है.
aajtak.in