छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से बेहद दुखद घटना सामने आई है. यहां एक प्राइवेट अस्पताल के सेप्टिक टैंक में खतरनाक गैस की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई. यह हादसा मंगलवार की देर शाम शहर के पचपेड़ी नाका इलाके में हुई. यहां सेप्टिक टैंक की सफाई चल रही थी. फिलहाल इस मामले की जांच की जा रही है.
एजेंसी के अनुसार, तीन लोग अस्पताल परिसर में स्थित सेप्टिक टैंक की सफाई का काम कर रहे थे. इसी दौरान वे अंदर मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आ गए. शुरुआती जांच में सामने आया है कि टैंक के भीतर ऑक्सीजन की कमी और खतरनाक गैसों की अधिकता के कारण उनका दम घुट गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, लेकिन शवों को बाहर निकालना आसान नहीं था. टैंक के अंदर अत्यधिक खतरनाक गैस होने के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आईं. रेस्क्यू टीम ने सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल कर सतर्कता के साथ शवों को बाहर निकाला.
यह भी पढ़ें: बिजनौर: नहाने गई छात्रा की बाथरूम में ही थमी सांसें, गीजर की जहरीली गैस ने ली जान, चीखने तक का नहीं मिला मौका
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला जहरीली गैस के कारण दम घुटने का लग रहा है. असल वजह क्या रही, इसकी पुष्टि के लिए जांच की जा रही है. साथ ही यह भी जांच चल रही है कि सफाई कार्य के दौरान जरूरी सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा गया या नहीं.
स्थानीय प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं. यदि किसी प्रकार की लापरवाही पाई जाती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. जानकारों का कहना है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी घातक साबित हो सकती है. ऐसे कार्यों में लगे कामगारों को प्रॉपर ट्रेनिंग के साथ सुरक्षा उपकरण मुहैया कराया जाना बेहद जरूरी होता है.
aajtak.in