RJD के पोस्टर पर तेजस्वी यादव की तस्वीर न होने के मुद्दे पर हो रही किरकिरी के बीच तेज प्रताप यादव फेसबुक पर लाइव आए. इस पूरे विवाद को उन्होंने विरोधियों की चाल बताया.
इतना ही नहीं तेज प्रताप यादव ने पूछा कि जब चुनाव के वक्त पोस्टर से लालू यादव, राबड़ी देवी, मीसा भारती और उनकी फोटो गायब थी तो क्या उन्होंने बवाल किया. इसके बाद तेज प्रताप मीडिया पर भड़कने लगे और एफआईआर और मानहानि का केस तक करने की धमकी दे डाली.
दरअसल, मंगलवार को कुछ पत्रकार तेज प्रताप के आवास के बाहर हालिया विवादों पर प्रतिक्रिया लेने पहुंचे थे. पत्रकारों ने तेजप्रताप से सवाल किया कि क्या प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह उनसे नाराज है. इतने पर ही तेज प्रताप उखड़ बैठे और पूछा कि आपको BJP या RSS ने भेजा है? तेज प्रताप ने कैमरे पर ही पत्रकार और चैनल पर केस करने की धमकी दी.
इसके बाद तेज प्रताप शाम को फेसबुक LIVE हुए और मीडिया पर भड़ास निकालने लगे. उन्होंने कहा कि मीडिया वाले कभी भी लालू परिवार की अच्छी खबर नहीं दिखाते. तेज प्रताप ने कहा कि मैं अपने वकील को बुलाकर कुछ पत्रकारों पर केस करूंगा. मैं जो बोलता हूं, वो करके दिखाता हूं.
बता दें कि RJD के मुखिया और बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव के परिवार में दो भाइयों के बीच एक बार फिर से राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है. दोनों भाइयों के बीच पोस्टर वॉर चल रहा है.
हाल ही में पार्टी दफ्तर में छात्र यूनिट से जुड़ा एक कार्यक्रम हुआ, जिसमें तेज प्रताप यादव चीफ गेस्ट थे. इस दौरान पार्टी दफ्तर पर सिर्फ तेज प्रताप यादव के बड़े-बड़े पोस्टर दिखाई दिए और तेजस्वी यादव की तस्वीर गायब थी. इसी पर घमासान छिड़ा है.
उत्कर्ष कुमार सिंह