फैक्ट चेक: ऋषिकेश में एडवेंचर के चक्कर में गई इस लड़की की जान? नहीं, ये रही इसकी सच्चाई

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दावा किया गया कि बंजी जंपिंग के दौरान एक लड़की की गर्दन टूटने से मौत हो गई. दावा किया गया कि वीडियो ऋषिकेश का है. इस वायरल दावे की आजतक ने पड़ताल की है और सच्चाई का पता लगाया है.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये वीडियो ऋषिकेश का है जहां बंजी जंपिंग करते समय एक लड़की की गरदन की हड्डी टूट गई और उसकी मौत हो गई.
सच्चाई
माउंट आबू के इस वीडियो में दिख रही लड़की उदयपुर की फिजा खान हैं. उन्होंने खुद इंस्टाग्राम पर स्पष्टीकरण दिया है कि वो एकदम सही-सलामत हैं.   

ज्योति द्विवेदी

  • नई दिल्ली,
  • 19 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 8:28 PM IST

किसी पार्क में रस्सियों के सहारे एडवेंचर एक्टिविटी करती एक लड़की का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. कई लोगों का कहना है कि ये ऋषिकेश की घटना है जहां बंजी जंपिंग करते समय एक लड़की की गरदन की हड्डी टूट गई और मौके पर ही मौत हो गई.

न्यूज नेशन जैसी कई वेबसाइट्स ने भी इस वीडियो के बारे में खबर छापते हुए लड़की की मौत का दावा किया.

Advertisement

एक फेसबुक यूजर ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, "बंजी जंपिंग करते हुए लड़की की हवा में टूटी गर्दन की हड्डी, हुई मौत. वीडिओ ऋषिकेश का बताया जा रहा है!"  

लेकिन आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि इस वीडियो में दिख रही लड़की फिजा खान की न तो मौत हुई है, न ही उनकी गरदन की हड्डी टूटी है. उन्होंने खुद आजतक को ये बात बताई है. साथ ही, ये वीडियो ऋषिकेश का नहीं, राजस्थान के माउंट आबू का है.

कैसे पता लगाई सच्चाई?  

हमने देखा कि वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कई लोग लिख रहे हैं कि ये लड़की जिंदा है और इसका नाम फिजा है. इस जानकारी की मदद से सर्च करने पर हमें फिजा खान नाम की एक लड़की के इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस घटना से संबंधित स्पष्टीकरण का वीडियो मिला. इसमें फिजा कहती हैं कि न तो उनकी गरदन की हड्डी टूटी है और न ही कमर की. वो एकदम सही सलामत हैं. वो ये भी कहती हैं कि जो लोग उनके बारे में गलत खबर फैला रहे हैं, उन अकाउंट्स को वो रिपोर्ट करेंगी.

Advertisement

फिजा ने इस पोस्ट में माउंट आबू के विक्ट्री फन पार्क को टैग किया है. इस पार्क के इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिजा के वायरल वीडियो वाली ही लोकेशन के कई वीडियो शेयर किए गए हैं. हमने विक्ट्री फन पार्क के मैनेजर कमलेश विश्नोई से भी इस वीडियो के बारे में बात की.

उन्होंने बताया कि ये वीडियो 15 फरवरी का है जब फिजा उनके फन पार्क आई थीं. उन्होंने बताया कि फिजा ने रॉकेट इजेक्टर नाम की ये एडवेंचर एक्विटी की थी लेकिन इस दौरान उन्हें किसी तरह की चोट नहीं आई थी. इसके बावजूद पता नहीं कैसे लोग वीडियो शेयर करते हुए उनकी मौत का दावा करने लगे.  

कमलेश की मदद से हमने फिजा से भी संपर्क किया. फिजा ने आजतक को बताया कि वो उदयपुर की वेडिंग फोटोग्राफर हैं और अपने दोस्तों के साथ माउंट आबू घूमने गई थीं. उन्होंने बताया, “मैं एक्टिविटी के दौरान थोड़ा डरी थी और अपने दोस्तों को दिखाने के लिए डरने की एक्टिंग कर रही थी. तभी वो वीडियो में ये कहते दिखते हैं कि अब इसे नीचे उतार लो. मुझे इस दौरान चक्कर तक नहीं आए और लोग मेरी मौत की खबर फैला रहे हैं.”

साफ है, माउंट आबू की एडवेंचर एक्टिविटी के एक वीडियो को शेयर करते हुए इसमें दिख रहीं फिजा की मौत का फर्जी दावा किया जा रहा है.

---- समाप्त ----

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement