फैक्ट चेक: प्रेमजाल में फंसाकर बिहार में हिन्दू शिक्षक के मुस्लिम छात्रा से जबरन शादी करने की बात है बेबुनियाद

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है. इसे बिहार के जमुई का बताया जा रहा है. वीडियो को शेयर करते हुए कहा जा रहा है कि एक शिक्षक ने अपनी मुस्लिम छात्रा को ऑनलाइन स्टडी के दौरान प्रेमजाल में फसाया. जब लड़की के घर वाले नहीं माने तो लड़की को 1900 km से भाग के आने के लिए शिक्षक ने कहा और कोर्ट मैरेज के बाद धर्म परिवर्तन करवाकर मंदिर में शादी कर ली.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये वीडियो जमुई का है जहां एक हिन्दू शिक्षक ने एक मुसलमान छात्रा का धर्म परिवर्तन करा कर, उससे जबरन शादी कर ली.
सच्चाई
जमुई की इस घटना में कोई भी सांप्रदायिक एंगल नहीं है. शादी करने वाली लड़की और लड़का, दोनों ही हिन्दू हैं.

संजना सक्सेना

  • नई दिल्ली ,
  • 20 जनवरी 2024,
  • अपडेटेड 4:49 PM IST

मंदिर में हो रही किसी शादी का वीडियो  सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया है. इसे शेयर करते हुए कई लोग ऐसा कह रहे हैं कि बिहार के एक हिन्दू शिक्षक ने अपनी ही मुस्लिम छात्रा से शादी कर ली है. वायरल वीडियो में एक पंडित को इस जोड़े की शादी कराते हुए देखा जा सकता है. घटना पर नाराजगी जताते हुए लोग शिक्षक पर आरोप लगा रहे हैं कि घरवालों की अनुमति के बिना उसने एक मुस्लिम बच्ची का धर्म परिवर्तन करा कर उससे जबरन शादी कर ली. 

Advertisement

फेसबुक पर वीडियो शेयर करते हुए एक व्यक्ति ने लिखा, “लोकेशन: जमुई, बिहार #Bhagwalovetrap ‘प्रकाश वर्मा’ नाम के एक शिक्षक ने अपनी मुस्लिम छात्रा ‘ज़ीनत’ को ऑनलाइन स्टडी के दौरान प्रेम जाल में फसाया. जब लड़की के घर वाले नहीं माने तो लड़की को 1900 km से भाग के आने के लिए शिक्षक ने कहा और कोर्ट मैरेज के बाद धर्म परिवर्तन करवा कर मंदिर में शादी कर लिया.” ऐसे ही एक पोस्ट के आर्काइव्ड वर्जन को यहां देखा जा सकता है. 

‘आज तक फैक्ट चेक’ ने पाया कि इस घटना में कोई भी सांप्रदायिक एंगल नहीं है. शादी करने वाली लड़की और लड़का, दोनों ही हिन्दू हैं. 

कैसे पता लगाई सच्चाई?

वायरल वीडियो पर हमें ‘फर्स्ट बिहार झारखंड’ न्यूज चैनल का लोगो दिखाई दिया. इसके ट्विटर पेज पर वायरल वीडियो 19 जनवरी को ट्वीट किया गया था. इसके साथ जानकारी दी गई है कि ये घटना जमुई की है, जहां 1900 किलोमीटर का सफर तय कर आई सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने एक कोचिंग टीचर के साथ शादी की. हालांकि, यहां पर उनके धर्म के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है. 

Advertisement

इसके बाद हमें इस घटना से जुड़ी कई न्यूज रिपोर्ट्स मिलीं. इनके मुताबिक, ये मामला बिहार का है, जहां जयप्रकाश वर्मा से शादी करने के लिये जीनल कुमारी सूरत से जमुई तक का सफर तय कर के आईं थीं. दरअसल, दोनों पिछले पांच साल से रिलेशनशिप में थे. लेकिन, घरवाले शादी के लिये राजी नहीं थे, जिसके बाद 16 जनवरी को दोनों ने कोर्ट मैरिज करने के बाद जमुई के पतनेश्वर नाथ शिव मंदिर में शादी कर ली.

खबरों के मुताबिक, जयप्रकाश वर्मा चकाई बाजार में कोचिंग सेंटर में पढ़ाते हैं. वहीं, जीनल कुमारी एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और सूरत में नौकरी करती हैं. हालांकि, उनके पिता, संतोष कुमार साव, भी चकाई बाजार के रहने वाले हैं. जीनल और जयप्रकाश की मुलाकात चकाई में ही हुई थी और पांच साल में बात शादी तक पहुंच गई. दोनों की उम्र के बीच काफी फासला था, जिस वजह से घरवाले शादी के खिलाफ थे. 

पुख्ता जानकारी के लिए हमने जयप्रकाश से संपर्क किया. उन्होंने ‘आज तक’ को बताया कि न तो जीनल मुसलमान हैं और न ही वो उनकी स्टूडेंट हैं. जयप्रकाश ने कहा, “जीनल का पूरा नाम गुप्ता जीनल कुमारी है. उसके पिता का नाम संतोष कुमार साव है और मां परमीला देवी हैं. जीनल की पढ़ाई-लिखाई सूरत में हुई है और वो अभी भी वहीं जॉब कर रही है.” इसके अलावा उन्होंने बताया कि उनके बारे में गलत खबर फैलाने वालों के खिलाफ जयप्रकाश लीगल एक्शन लेने की तैयारी कर रहे हैं.  

Advertisement

हमने जयप्रकाश के वकील मनीष विश्वकर्मा से भी बात की. मनीष ने बताया कि जयप्रकाश और जीनल के धर्म के बारे में किया जा रहा दावा गलत है, वो दोनों ही हिंदू हैं.

जयप्रकाश ने हमें अपने मैरिज सर्टिफिकेट की तस्वीर भी भेजी, जिसे नीचे देखा जा सकता है. उनके कहने पर हमने इस डाक्यूमेंट में लिखी कुछ निजी जानकारियों को छिपा दिया है. लेकिन, इसमें साफ देखा जा सकता है कि उनकी पत्नी, गुप्ता जीनल कुमारी, एक हिंदू महिला हैं.

---- समाप्त ----
(आजतक संवाददाता राकेश कुमार सिंह के इनपुट के साथ)

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement