फैक्ट चेक: हिंदू की शादी में जबरन डीजे बंद कराने पहुंचे मुस्लिम? नहीं, ये है असल मामला

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि कुछ मुस्लिम लोग एक हिंदू व्यक्ति की शादी में जाकर जबरदस्ती डीजे बंद करवा रहे हैं. इस वायरल वीडियो का आजतक की टीम ने फैक्ट चेक किया है.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ मुस्लिमों ने एक हिंदू परिवार की शादी में पहुंचकर जबरन डीजे बंद करवा दिया.
सच्चाई
ये वीडियो यूपी के अलीगढ़ का है. डीजे बंद करने की अपील किसी हिंदू नहीं बल्कि एक मुस्लिम परिवार से की गई थी.  

अभिषेक पाठक

  • नई दिल्ली,
  • 20 मई 2026,
  • अपडेटेड 1:11 PM IST

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि कुछ मुस्लिम लोग एक हिंदू व्यक्ति की शादी में जाकर जबरदस्ती डीजे बंद करवा रहे हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि मुस्लिम समुदाय के कुछ लोग, एक घर पर जाते हैं और उनसे डीजे बंद करने को कहते हैं क्योंकि वो इसे इस्लाम में हराम मानते हैं.

Advertisement

इसे एक्स पर शेयर करते हुए एक व्यक्ति ने लिखा, 'जहां इनकी आबादी बढ़ी वहां शरीयत लागू, हिम्मत देखिए यह खुले आम हिंदुओं की शादी में DJ बंद करवा दिया. थोड़े दिन और रुक जाओ ऐसे ही यह तुम्हें शादी भी नहीं करने देंगे दुल्हन को ही उठा ले जाया करेंगे.'

इसी तरह के कैप्शंस के साथ इस वीडियो को फेसबुक पर भी खूब शेयर किया जा रहा है. ऐसे ही एक पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि डीजे और म्यूजिक बंद करने की अपील किसी हिंदू से नहीं, बल्कि एक मुस्लिम परिवार से ही की गई थी. डीजे बंद कराने गए लोग तबलीगी शान नाम के एक ग्रुप के सदस्य हैं. इस ग्रुप ने अलीगढ़ में एक मुहिम शुरू की है कि मुस्लिम समुदाय के लोग अपनी शादियों में डीजे न बजाएं क्योंकि इस्लाम में इसकी इजाजत नहीं है.

Advertisement

कैसे पता की सच्चाई?

वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये तबलीगी शान नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला. यहां इसे 28 मार्च को पोस्ट किया गया था. इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक मुस्लिम शख्स एक शादी वाले घर के पास पहुंचकर वहां खड़े एक सलमान नाम के व्यक्ति को संबोधित करते हुए कहता है, “और सलमान भाई सब खैरियत है? क्या करा रहे हो ये?” ये वाला हिस्सा वायरल वीडियो में गायब है.

हमने तबलीगी शान के सदस्य शान मोहम्मद से संपर्क किया. उन्होंने आजतक को बताया कि डीजे बंद कराने गए ये लोग उनकी ही टीम के हैं और ये मामला यूपी के अलीगढ़ का है. शान का कहना है कि वो लोग किसी हिंदू व्यक्ति के घर नहीं, बल्कि एक मुस्लिम परिवार के ही घर गए थे और उनसे म्यूजिक बंद करने की गुजारिश की थी.

शान ने बताया कि उनकी टीम ने अलीगढ़ में एक मुहिम शुरू की है जिसके तहत वो मुस्लिम समुदाय के लोगों से अपील करते हैं कि वो अपने शादी-समारोह या बाकी मौकों पर डीजे ना बजाएं क्योंकि उनका मानना है कि ये सब इस्लाम में हराम है.

हमसे बात करने के बाद शान ने हमें एक वीडियो भेजकर स्पष्टीकरण दिया. वीडियो में उनकी टीम ने बताया कि उनके लोग एक मुस्लिम घर पर गए थे. जिस शख्स की शादी थी उसका नाम मोहम्मद शाहनवाज है, और उसके पिता का नाम छोटे खान है. ये परिवार अलीगढ़ में रहता है. इसके बाद तबलीगी शान ने भी अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करके वायरल दावों को झूठा बताया.

Advertisement

तबलीगी शान के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर ऐसे कई वीडियो मौजूद हैं जिनमें वो मुस्लिम परिवारों की शादियों में जाकर उनसे म्यूजिक न बजाने की अपील करते हैं.

---- समाप्त ----

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement