सोशल मीडिया पर इस वक्त एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है जो किसी को भी विचलित कर सकता है. वीडियो में किसी नाले के पास खड़ी एक कार नजर आती है. कार में से एक महिला को धक्का देकर बाहर फेंक दिया जाता है. इसके बाद एक शख्स महिला को लात मारकर नाले में गिराता नजर आता है.
अब वीडियो के साथ कुछ लोग लिख रहे हैं कि लड़की देर रात तक पार्टी कर रही थी. पार्टी के बाद कुछ लोगों ने लड़की को इस हाल में नाले में फेंक दिया. कुछ लोगों ने तो इसे ‘डिजिटल दोस्ती’ का ‘डार्क साइड’ तक बता दिया. एक वायरल पोस्ट में लिखा है कि इस लड़की से पहले तो इंस्टाग्राम पर दोस्ती की गई, फिर लड़की का इस्तेमाल करके उसे नाले में फेंक दिया गया.
इन्हीं दावों के साथ ये वीडियो इंस्टाग्राम और एक्स पर खूब वायरल है. ऐसे ही एक पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.
हालांकि आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये किसी असल घटना का वीडियो नहीं है. ये साल 2017 में रिलीज हुई फिल्म Mom का एक सीन है.
कैसे पता की सच्चाई?
वायरल वीडियो पर कमेंट करते हुए एक व्यक्ति ने इसे बॉलीवुड फिल्म ‘Mom’ का एक सीन बताया है. यूट्यूब पर बॉलीवुड प्रीमियम नाम के चैनल पर ये पूरी फिल्म मौजूद है. चेक करने पर हमें इस फिल्म में वायरल क्लिप वाला हिस्सा भी मिल गया.
करीब 2 घंटे 46 मिनट की इस फिल्म में 24 मिनट 10 सेकंड पर वायरल क्लिप वाला हिस्सा देखा जा सकता है जिसमें एक शख्स एक लड़की को लात मारकर नाले में गिराता हुआ नजर आ रहा है.
यानि साफ है कि जिस वीडियो एक असली घटना का बताकर सनसनीखेज दावों के साथ इंटरनेट पर शेयर किया जा रहा है, वो असल में एक फिल्म का सीन का है.
फिल्म Mom साल 2017 में रिलीज हुई थी. इसमें श्रीदेवी ने मुख्य किरदार निभाया था. ये फिल्म मां-बेटी के रिश्तों पर आधारित है. फिल्म में मां के किरदार का नाम देवकी है, जिसे श्रीदेवी ने निभाया है. बेटी के किरदार का नाम आर्या है. एक पार्टी के दौरान आर्या के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया जाता है. इसके बाद देवकी एक-एक करके सभी अपराधियों से बदला लेती है.
फैक्ट चेक ब्यूरो