फैक्ट चेक: ‘बांग्लादेश जिंदाबाद’ का नारा लगाने पर बंगाल पुलिस ने मुस्लिमों को पीटा? नहीं, ये है वीडियो का सच

पश्चिम बंगाल का बताकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है. वीडियो में पुलिस वाले एक भीड़ पर लाठीचार्ज करते हुए नजर आ रहे हैं. लाठीचार्ज के बाद लोग अफरातफरी में इधर-उधर भागते देखे जा सकते हैं.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
‘बांग्लादेश जिंदाबाद’ का नारा लगाने पर बंगाल पुलिस ने इन मुस्लिमों की जमकर पिटाई की.
सच्चाई
ये वीडियो यूपी के बरेली का है. सितंबर 2025 का ये वीडियो ‘आई लव मोहम्मद' से जुड़े बवाल से संबंधित है.

मो. महफूज़ आलम

  • नई दिल्ली,
  • 07 मई 2026,
  • अपडेटेड 7:15 PM IST

पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने ममता बनर्जी के 15 साल के राज को खत्म कर पहली बार सत्ता हासिल की है. चुनावी नतीजों के बाद, बंगाल में कई जगहों से हिंसा की खबरें सामने आईं. 6 मई की रात को बीजेपी के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी के पीए यानि निजी सचिव की गोली मारकर हत्या कर दी गई. 

इस बीच पश्चिम बंगाल का बताकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है. वीडियो में पुलिस वाले एक भीड़ पर लाठीचार्ज करते हुए नजर आ रहे हैं. लाठीचार्ज के बाद लोग अफरातफरी में इधर-उधर भागते देखे जा सकते हैं. इसे शेयर करने वालों का दावा है कि ये भीड़ मुस्लिम समुदाय के लोगों की है जिन्होंने बंगाल के अंदर “बांग्लादेश जिंदाबाद” का नारा लगाया जिसके बाद पुलिस ने इनकी जमकर पिटाई कर दी.

Advertisement

वीडियो को एक्स पर शेयर करते हुए एक व्यक्ति ने लिखा, “बंगाल ने आतंकियों की अब खैर नही, दौड़ा दौड़ा कर कुटा जा रहा है” इसके अलावा वीडियो पर मौजूद टेक्स्ट में लिखा है, “पश्चिम बंगाल में बांग्लादेश जिंदाबाद के नारे लगाने वाले मुल्लों पर किया लाठीचार्ज. ”

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो पश्चिम बंगाल नहीं, बल्कि यूपी के बरेली का है. ये वीडियो सितंबर 2025 में “आई लव मोहम्मद” से जुड़े बवाल से संबंधित है.

कैसे पता लगाई सच्चाई? 

वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने से हमें इसका लंबा वर्जन ‘न्यूज 9 लाइव’ की 26 सितंबर, 2025 की एक वीडियो रिपोर्ट में मिला. रिपोर्ट के मुताबिक बरेली में “आई लव मोहम्मद” से संबंधित प्रदर्शनों के बाद हिंसा भड़क उठी थी और कई इलाकों में पत्थरबाजी भी हुई थी. इसके बाद हालात संभालने के लिए पुलिस और अतिरिक्त बलों ने लाठीचार्ज किया था. ये वीडियो उसी वक्त का है.

Advertisement

एनडीटीवी इंडिया की वीडियो रिपोर्ट में भी इसे देखा जा सकता है. रिपोर्ट के मुताबिक, बरेली में जुम्मे की नमाज के बाद मस्जिद के बाहर काफी हंगामा हुआ था. सैकड़ों की संख्या में मौजूद लोगों ने हाथों में “आई लव मोहम्मद” का पोस्टर-बैनर लेकर नारेबाजी की. हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने मौके पर लोगों समझाने की कोशिश की. बवाल बढ़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया. टाइम्स नाउ की रिपोर्ट भी यही कहती है.

साफ है कि यूपी के पुराने वीडियो को पश्चिम बंगाल का बताकर झूठ फैलाया जा रहा है.

---- समाप्त ----

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement