फैक्ट चेक: अंडरग्राउंड मेट्रो बनाने की वजह से दिल्ली में धंसी सड़क? नहीं, ये वीडियो थाईलैंड का है

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें सड़क धंसने और बिल्डिंग गिरने का दृश्य दिखाया गया है. कई यूजर्स इसे दिल्ली की मेट्रो निर्माण साइट से जोड़ रहे हैं, लेकिन फैक्ट चेक में पाया गया कि यह घटना थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में वजीरा हॉस्पिटल के सामने हुई थी. 24 सितंबर को 50 मीटर गहरा गड्ढा एक अंडरग्राउंड स्टेशन की खुदाई के दौरान बना.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये दिल्ली में सड़क धंसने का वीडियो है.
सच्चाई
ये वीडियो थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक का है जहां 24 सितंबर को एक सड़क धंस गई थी.

ज्योति द्विवेदी

  • नई दिल्ली,
  • 27 सितंबर 2025,
  • अपडेटेड 12:03 PM IST

तेजी से धंसती एक सड़क और इससे मची अफरा-तफरी का वीडियो शेयर करते हुए कुछ सोशल मीडिया यूजर्स कह रहे हैं कि ये दिल्ली की घटना है जहां अंडरग्राउंड मेट्रो बनाने के दुष्परिणाम की वजह से ऐसा हुआ.  

वीडियो में दिखाई देता है कि सड़क धंसने से काफी बड़ा गड्ढा हो जाता है और इस गड्ढे में एक अंडरग्राउंड पाइप से पानी निकलकर वहां भरने लगता है. आसपास खड़े लोग अपने फोन के कैमरे में इस घटना को कैद करने लगते हैं. लेकिन अचानक जब उनके पास की एक बिल्डिंग भी गिरने लगती है, तो वो जान बचाकर भागते हैं.

Advertisement

एक थ्रेड्स यूजर ने इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा, "दिल्ली में जमीन के नीचे मेट्रो चलाने का नतीजा".

पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.

 

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो दिल्ली का नहीं बल्कि थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक का है.

कैसे पता लगाई सच्चाई?  

वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने से हमें पता लगा कि हाल ही में यूट्यूब पर कुछ यूजर्स ने इसे थाईलैंड का बताकर पोस्ट किया था.  
 
कुछ सोशल मीडिया पोस्ट्स में ये भी बताया गया है कि ये घटना बैंकॉक के वजीरा हॉस्पिटल के सामने हुई. इस जानकारी की मदद से सर्च करने पर हमें इस घटना से संबंधित कई न्यूज रिपोर्ट्स मिलीं.

बीबीसी न्यूज थाई के अनुसार ये घटना 24 सितंबर की सुबह हुई जब वजीरा हॉस्पिटल के सामने सैमसेन रोड का एक हिस्सा धंस गया. इससे वहां तकरीबन 50 मीटर गहरा गड्ढा हो गया. खबरों के अनुसार इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है. कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक एक अंडरग्राउंड स्टेशन के लिए सुरंग की खुदाई के दौरान ये हादसा हुआ. इस दौरान पानी का एक बड़ा पाइप भी टूट गया.  

Advertisement

हमने गूगल मैप्स पर इस जगह की लोकेशन का भी पता लगा लिया. इसमें भी वायरल वीडियो वाली स्लेटी रंग की इमारत देखी जा सकती है.

 

हालांकि ये बात सच है कि दिल्ली के जिन इलाकों में मेट्रो निर्माण चल रहा है, वहां पिछले कुछ सालों में सड़क धंसने की घटनाएं हुई हैं.

साफ है, थाईलैंड में सड़क धंसने के एक वीडियो को दिल्ली का बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है.

---- समाप्त ----

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement