इंडिया में रियलिटी टीवी शोज की पहचान को बदलने मार्केट में एक नया रियलिटी शो आया है, जिसका नाम 'द 50' रखा गया है. कहा जा रहा है कि ये सभी रियलिटी शो का बाप है, जिसमें 50 कंटेस्टेंट्स, 50 दिनों के लिए एक ही जगह रहेंगे. ये फॉर्मेट आपको सुनने में सलमान खान के शो 'बिग बॉस' की तरह लग रहा होगा. लेकिन हकीकत में ये उससे एकदम अलग और हटके शो है.
'द 50' के महल में सभी कंटेस्टेंट्स की एंट्री हो गई है. प्लेयर्स लायन से मिल गए हैं, जो उन्हें इस गेम के रूल्स समझा रहे हैं. कंटेस्टेंट्स को आते ही पहला झटका भी मिल चुका है. पहले ही दिन बड़ी अनाउंसमेंट हुई है. 1 खिलाड़ी बाहर होगा. वहीं पहले एपिसोड में जीतने वाले खिलाड़ी के फैन को लखपति बनने का मौला मिलेगा.
पढ़े शो के लाइव अपडेट्स...
हिमेश रेशमिया ने बांधा समां
शो में अलग-अलग टीम बन गई है. उनके कैप्ट्स भी चुने जा चुके हैं. खिलाड़ियों को पहला टास्क मिल गया है. गेम में समां बांधने के लिए हिमेश रेशमिया की एंट्री हुई है. लॉन्च इवेंट को हिमेश ने अपनी धमाकेदार परफॉर्मेंस के साथ जबरदस्त माहौल बनाया. हिमेश ने गाने से पहले सबसे पूछा- नाक से गाऊं या फिर.... हर राउंड से पहले हिमेश ने गाना गाकर खिलाड़ियों को चीयरअप किया.
'टीवी की बहुओं' का टास्क में दिखा दम
शो का पहला टास्क शुरू हो चुका है. टीवी की 'बहुरानियों' ने अपना दम दिखाया. सभी अपना बेस्ट देते हुए टास्क कर रही हैं. उर्वशी ढोलकिया टास्क के दौरान 2-3 बार स्विंग से गिरीं. बावजूद इसके उन्होंने टास्क को पूरा किया. लेकिन इतनी मेहनत के बाद भी उर्वशी की टीम हार गई. करण पटेल की टीम ने जीत हासिल की. सेकंड राउड में टीम शिव ठाकरे जीती. रिद्धि की टीम ये राउंड हारी. तीसरे राउंड में टीम प्रिंस जीती और टीम मोनालिसा हारी. कृष्णा श्रॉफ की टीम ने शानदार परफॉर्म कर चौथा राउंड जीता.
25 खिलाड़ियों में किसे मिलेगा सेफ होने का चांस?
टास्क के अंत में 25 खिलाड़ी सेफ और 25 अनसेफ डिक्लेयर हुए. हिमेश रेशमिया की अपील पर लायन ने इन 25 अनसेफ खिलाड़ियों को शो में बने रहने का एक मौका दिया. इन 25 खिलाड़ियों में से किसी 15 को सेफ होने का चांस मिलेगा. जो इन 15 चेयर्स पर पहले बैठेगा वो सेफ होने का मौका पाएगा.
इस दौरान खिलाड़ियों के बीच लड़ाई भी हुई. फाइनल में 10 खिलाड़ी अनसेफ हुए, इन्हें अरीना से घर वापस जाना पड़ेगा. लायन ने 5 सेफ कैप्टन को एविक्शन का अधिकार दिया. इन्हें 10 अनसेफ खिलाड़ियों की किस्मत का फैसला करना है. एविक्शन के ट्विस्ट से अपसेट होकर मोनालिसा रोने लगीं.
पहले दिन कौन हुआ शो से बाहर?
कैप्टंस ने फैसला लिया कि वंशज को घर जाना होगा. लायन ने वंशज के खिलाफ एग्जिट ऑर्डर दिया. इस एविक्शन से वो काफी निराश हुए. उर्वशी ढोलकिया ने वंशज को गले से लगाया. वंशज के जाने पर उनकी टीम इमोशनल हुई.
सेलेब्स की महल में एंट्री
सभी खिलाड़ियों की आलीशान महल में एंट्री हो चुकी है. प्रिंस नरूला के फैन को लखपति बनने का मौका मिला. लखपति फैन का नाम अगले एपिसोड में अनाउंस होगा. 50 लाख में से 1 लाख कम हुआ था. लेकिन लायन ने सभी को अपनी तरफ से 1 लाख का शगुन दिया. इसका मतलब प्राइज मनी अभी भी 50 लाख बनी हुई है.
रजत दलाल-दिग्विजय में हुई लड़ाई
सेकंड एपिसोड धमाकेदार होने वाला है. रजत दलाल और दिग्विजय सिंह राठी के बीच पंगा हुआ है. दोनों के बीच बिग बॉस की तरह बहसबाजी हुई. बात इतनी आगे बढ़ी कि वो धक्का-मुक्की और हाथापाई करने लगे. एक बार फिर दोनों के बीच बिग बॉस जैसा कलेश देखने को मिलने वाला है.
क्या है 'द 50' शो का फॉर्मेट?
'द 50' शो टीवी और ओटीटी पर लगभग 50 दिनों के लिए देखा जाएगा, जिसमें 50 सेलेब्स एक ही सेटअप में साथ रहकर अलग-अलग तरह के टास्क परफॉर्म करेंगे. इसमें कई सारे गेमिंग टास्क होंगे, जिसमें एलिमिनेट होने के चांस भी रहेंगे. इस शो से कंटेस्टेंट्स के साथ-साथ फैंस को भी फायदा होगा. क्योंकि हर खिलाड़ी अपने फैंस के लिए खेलता नजर आएगा.
शो के दौरान फैंस अपने फेवरेट कंटेस्टेंट पर दांव लगाएंगे. अगर उनका दांव सही रहा, तो वो ढेर सारा इनाम जीतेंगे. शो की प्राइज मनी 50 लाख रुपये है. अगर दर्शकों का दांव सही होता है, तो उन्हें प्राइज मनी से अपना जीता हुआ हिस्सा मिलेगा. हालांकि ये टास्क दर्शकों के लिए भी उतना आसान नहीं होगा. क्योंकि वो अपना एक फेवरेट खिलाड़ी एक तय समय तक ही चुन पाएंगे. इसके आगे सिर्फ उनकी किस्मत ही उन्हें इनाम दिला सकेगी.
'द 50' शो की एक और खासियत है कि इसमें 'बिग बॉस' की तरह कोई नियम, कायदे या कानून नहीं हैं. यहां खिलाड़ी अपने मन मुताबिक खेलेंगे. इस शो में खिलाड़ी सिर्फ अपनी काबिलियत और माइंड गेम्स खेलकर ही टिके रहेंगे. शो में एक लायन का राज होगा, जिसके इशारों पर पूरा गेम चलेगा.
कौन है 'द 50' का लायन?
'द 50' एक और कारण से लोगों के बीच सस्पेंस बनाने में कामयाब हुआ है. शो के प्रोमो वीडियोज में हम एक इंसान को देख सकते हैं, जिसने लायन वाला मास्क पहना है. हर किसी के मन में ये सवाल उठा है कि आखिर कौन उस मास्क के पीछे है, जो इस शो का पूरा संचालन करने वाला है. पहले खबर आई थी कि फराह खान इस शो को होस्ट करेंगी.
लेकिन उन्हें शो में सिर्फ प्रमोशन के लिए ही जोड़ा गया था. बाद में अजय देवगन को भी प्रोमो वीडियोज में लायन के साथ दिखाया गया. हालांकि सोशल मीडिया पर मौजूद यूजर्स का कहना है कि शो में लायन एल्विश यादव को बनाया गया है. उनका दावा है कि एल्विश 'द 50' में लोगों को अपने इशारों पर नचाने वाले हैं. मगर ये खबर भी फिलहाल अफवाहें ही हैं. लायन के पीछे आखिर किसका चेहरा है, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है.
कौन-कौन है 'द 50' शो का हिस्सा?
'द 50' शो में टेलीविजन और सोशल मीडिया की दुनिया से जाने-माने सेलेब्स को कास्ट किया गया है. 50 सेलेब्स की पूरी लिस्ट इस प्रकार है:
1. टीवी और फिल्मी सितारे- करण पटेल, उर्वशी ढोलकिया, रिद्धि डोगरा, मोनालिया और विक्रांत सिंह, शिनी दोषी, कृष्णा श्रॉफ, दिव्या अग्रवाल, प्रिंस नरूला और युविका चौधरी, रिद्धिमा पंडित, चाहत पांडे.
2. सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स- मिस्टर फैजू, रजत दलाल, लवकेश कटारिया, मैक्सटर्न, दुष्यंत कुकरेजा, सौरभ घाडगे, रचित रोझा, अदनान शेख, सुमैरा शेख, लक्ष्य कौशिक, इम्मोर्टल काका.
3. बिग बॉस शो के पूर्व कंटेस्टेंट्स- शिव ठाकरे, अर्चना गौतम, निकी तंबोली, मनीषा रानी, दिग्विजय सिंह राठी, सिद्धार्थ भारद्वाज, श्रुतिका अर्जुन, बेबिका धुर्वे, सिमवत तोमर, अरबाज पटेल, हमिद बरकाजी, डीनो जेम्स, सपना चौधरी, नेहल चुडासमा, नीलम गिरी, खानजादी.
4. अन्य कंटेस्टेंट्स- तेजस्वी मदिवडा, भव्या सिंह, जाह्नवी किल्लेकर, नतालिया जानोस्ज़ेक, यंग सैमी,आर्या जाधव, आरुषि चावला, वंशज सिंह, डिंपल सिंह, अर्चित कौशिक, फैज बलोच.
aajtak.in