टीवी एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ और शोएब इब्राहिम के परिवार पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है. एक्टर के पिता अस्पताल के ICU में भर्ती हैं. 23 मई की सुबह उन्हें दूसरा ब्रेन स्ट्रोक आया था. शोएब ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर करके पिता की हालत पर अपडेट दी थी और फैंस से विनती की कि वो उनके पिता के लिए दुआ करें. दीपिका के ससुर की हालत काफी गंभीर बताई गई थी.
गंभीर हालत में दीपिका के ससुर
शोएब इब्राहिम और दीपिका कक्कड़ को अपने बेटे रूहान के साथ अस्पताल आते-जाते भी देखा गया. वो काफी परेशान लग रहे थे. कपल ने मास्क पहना हुआ था. मगर उनकी चिंता साफ झलक रही थी. फैंस शोएब के पिता के लिए भी चिंता में हैं. बीते दो दिनों से उनकी सेहत में कितना सुधार आया है या अब वो कैसे हैं, ये जानने की इच्छा हर किसी को है.
एक्टर शोएब ने अपने यूट्यूब चैनल पर नया व्लॉग वीडियो शेयर किया है, जिसमें उनका कहना है कि उनके पिता की हालत ठीक नहीं है. उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ है, जो उनके मुताबिक काफी गंभीर है. पहले जब शोएब के पिता बीमार हुए थे, तब वो पैरेलाइज हो गए थे मगर बातचीत कर रहे थे. उनकी रिकवरी जल्दी हुई थी. लेकिन इस बार इंटरनल ब्लीडिंग भी हो गई है, जिसके कारण वो बोल नहीं पा रहे हैं. शोएब के पिता के शरीर का सीधे हाथ वाला हिस्सा सही से काम नहीं कर रहा है, वो ठीक से देख नहीं पा रहे हैं.
शोएब ने दी पिता पर अपडेट
हालांकि शोएब ने बताया कि उनके पिता का ब्लड प्रेशर ठीक है. मगर उनके पिता किसी चीज पर रिएक्ट नहीं कर रहे हैं. शोएब ने कहा कि डॉक्टर्स उनके पिता के दिमाग में जमे खून को निकालने के लिए ब्रेन एंडोस्कोपी करने की सोच रहे हैं, लेकिन सूजन कम होने और उनके ब्लड को पतला करने वाली दवाओं का असर शरीर से खत्म होने के लिए कुछ दिनों का इंतजार कर रहे हैं.
एक्टर ने कहा है कि उनका परिवार इस सिचुएशन से काफी मुश्किलों से जूझ रहा है. उन्होंने अपनी मां और बहन को अस्पताल आने से रोक रखा है. पत्नी दीपिका कक्कड़ एक बार आ चुकी हैं. उनके लिए अपने पिता को इस हाल में देखना काफी मुश्किल है. शोएब ने फैंस से फिर अपील की है कि वो उनके पिता के लिए दुआ करें, ताकि वो जल्द ठीक होकर घर लौट सकें.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क